सियासी विवाद बनी ‘यमुना की गंदगी’, CM केजरीवाल की नई डेडलाइन पर बोली BJP-स्क्रिप्ट वही, तारीख नई

Summary :

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उम्मीद है कि फरवरी 2025 तक यमुना साफ हो जाएगी। उनके इस एक्शन प्लान पर बीजेपी ने तंज कसा है।

यमुना की गंदगी को लेकर दिल्ली सरकार और बीजेपी के बीच बयानबाज़ी का दौर जारी है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक बार फिर यमुना की सफाई को लेकर एक्शन प्लान तैयार किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उम्मीद है कि फरवरी 2025 तक यमुना साफ हो जाएगी। उनके इस एक्शन प्लान पर बीजेपी ने तंज कसा है।
प्रदेश बीजेपी ने ट्विटर पर मुख्यमंत्री केजरीवाल के अलग-अलग तारीख पर यमुना की सफाई को लेकर किए गए वादों का वीडियो शेयर किया है। वीडियो के साथ बीजेपी ने लिखा, ‘स्क्रिप्ट वही, तारीख नई। यमुना जी की सफाई को लेकर मुख्यमंत्री केजरीवाल का हर साल वही झूठ।’


2025 तक यमुना को स्नान योग्य के लिए 6 सूत्री कार्ययोजना 

मुख्यमंत्री केजरीवाल ने गुरुवार को अपना एक्शन प्लान बताते हुए कहा कि फरवरी 2025 तक यमुना को स्नान योग्य बनाने के लिए उनकी सरकार ने छह सूत्री कार्ययोजना तैयार की है। उन्होंने कहा कि नए मलजल शोधन संयंत्र बनाए जा रहे हैं और पुराने संयंत्र को तकनीकी रूप से उन्नत किया जाएगा।
गौरतलब है कि हाल ही में छठ पूजा के दौरान कुछ तस्वीरें सामने आई थी, जिसमें श्रद्धालु यमुना में जमे झाग के बीच पूजा कर रहे थे। इसके बाद से ही केजरीवाल सरकार लगातार घिरी हुई है। विपक्षी दल आए दिन गंदी यमुना को लेकर दिल्ली सरकार पर सवाल खड़े कर रहे हैं।

Desk Team