भाजपा की सरकारों ने किया सिर्फ पुत्रों का विकास : अभिषेक मनु सिंघवी

Summary :

अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि अमित शाह और रमन सिंह के पुत्रों का विकास एक तरफ जादुई आंकड़े की तरह तेजी से हो रहा है, वहीं आम जनता विकास के लिए तरस रही है।

कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भाजपा सरकारों ने सिर्फ और सिर्फ पुत्र मोह किया है और पुत्र मोह के आधार पर पुत्रों का विकास कर रही है। चुनावी प्रचार के लिए छत्तीसगढ़ दौरे पर आए सिंघवी ने यह आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा नेताओं के पुत्रों का विकास बुलेट ट्रेन की तरह चल रहा है, जबकि आम जनता महंगाई और मंदी से त्रस्त है।

उन्होने कहा कि भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और डॉ रमन सिंह के पुत्रों का विकास एक तरफ जादुई आंकड़े की तरह तेजी से हो रहा है, वहीं आम जनता विकास के लिए तरस रही है। उन्होने कहा कि जब छत्तीसगढ़ बना था यहां की जनता मात्र 37 प्रतिशत गरीबी में थी मगर अब यह केंद्र सरकार के आंकड़े के हिसाब से 42 प्रतिशत हो गया है और देश में गरीबी में राज्य ने प्रथम स्थान हासिल कर लिया है।

अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में बयान दिया कि छत्तीसगढ़ में एक करोड़ 30 लाख जन धन योजना के बैंक खाते खोले गए, अगर इसे आधार माना जाय तो छत्तीसगढ़ में गरीबी रेखा से नीचे रहने वाली आबादी 50 प्रतिशत हो गई है।

छत्तीसगढ़ कांग्रेस में टिकट बंटवारे पर बवाल

कांग्रेस नेता ने मुख्यमंत्री रमन सिंह के बेटे का कथित रूप से पनामा मामले में नाम होने तथा भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के बेटे जय शाह की कम्पनियों के बारे में गंभीर आरोप लगाए। उन्होने कहा कि इन दोनो नेताओं से वह अनुरोध करेंगे कि वह राज्य के किसानों, छोटे व्यापारियों तथा नोटबन्दी से त्रस्त लोगों को भी व्यवसाय विस्तार का यह फार्मूला बताए जिससे कि वह भी आगे बढ़ सके।

Desk Team