नई दिल्ली : राजधानी में लोकसभा चुनाव के दौरान प्रचार-प्रसार में सभी उम्मीदवार जोर-शोर से लगे हुए हैं। चुनाव में जीत की चाहत लिए उम्मीदवार अपने लोकसभा क्षेत्र में जमकर सभाएं और घर-घर जनसंपर्क अभियान कर रहे हैं। ऐसे में दिल्ली चुनाव आयोग भी हर उम्मीदवारों की गतिविधि पर पैनी नजरें गड़ाई हुए है। ताजा मामले में दिल्ली चुनाव आयोग ने दक्षिणी दिल्ली लोकसभा सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार बॉक्सर विजेन्द्र सिंह पर चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन पाया है।
दरअसल विजेन्द्र सिंह एक फार्म हाउस में सभा के दौरान लोगों को माइक से संबोधित कर रहे थे। इस दौरान लाउडस्पीकर का उपयोग किया जा रहा था, जिसका परमिशन आयोग से नहीं ली गई थी। सभा के दौरान चुनाव आयोग की टीम मौके पर पहुंच गई और इसकी परमिशन मांगी, जो उनके पास नहीं थी। चुनाव आयोग ने बीच सभा में ही लाउडस्पीकर बंद करवा दिया। इसके बाद आयोग ने विजेन्द्र के खिलाफ लाउडस्पीकर संबंधी नियमों का उल्लंघन के तहत थाने में डीडी एंट्री दर्ज कराई है।
वही आयोग ने सिंह से इस पर जवाब मांगा है। चुनाव आयोग के एक अधिकारी के मुताबिक, दक्षिणी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी विजेन्द्र सिंह ने गुरुवार को दक्षिणी दिल्ली के खत्री फार्म हाउस में एक सभा का आयोजन किया था। इस सभा के लिए पार्टी ने चुनाव आयोग से अनुमति जरूर ली थी। लेकिन उन्होंने लाउडस्पीकर उपयोग की अनुमति नहीं ली। सभा का आयोजन तय समय पर शुरू किया गया। इसमें काफी संख्या में लोग पहुंचे थे।
– कौशल शर्मा


Download Android App
Download iOS App



