Burari Metro Station: 100 फुटा रोड पर बनेगा फुट ओवर ब्रिज, हजारों यात्रियों को जाम और जोखिम से मिलेगी राहत

Summary :

Burari Metro Station: राजधानी में बढ़ते ट्रैफिक दबाव और रोजाना लगने वाले जाम से राहत दिलाने की दिशा में बुराड़ी इलाके के लिए बड़ी पहल की गई है। बुराड़ी मेट्रो स्टेशन के पास 100 फुटा रोड पर अब फुटओवर ब्रिज (एफओबी) बनाने की तैयारी जल्द ही शुरू की जाएगी। इसको लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस और डीएमआरसी के अधिकारियों के बीच अहम बैठक हुई। बैठक में डीसीपी सेंट्रल रेज ट्रैफिक निशांत गुप्ता, एसीपी अशोक मंडोला, ट्रैफिक इंस्पेक्टर भरत भूषण तथा डीएमआरसी की ओर से वी.पी. मिश्रा और अजय शुक्ला मौजूद रहे। बैठक में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और पैदल यात्रियों…

Burari Metro Station: राजधानी में बढ़ते ट्रैफिक दबाव और रोजाना लगने वाले जाम से राहत दिलाने की दिशा में बुराड़ी इलाके के लिए बड़ी पहल की गई है। बुराड़ी मेट्रो स्टेशन के पास 100 फुटा रोड पर अब फुटओवर ब्रिज (एफओबी) बनाने की तैयारी जल्द ही शुरू की जाएगी।

इसको लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस और डीएमआरसी के अधिकारियों के बीच अहम बैठक हुई। बैठक में डीसीपी सेंट्रल रेज ट्रैफिक निशांत गुप्ता, एसीपी अशोक मंडोला, ट्रैफिक इंस्पेक्टर भरत भूषण तथा डीएमआरसी की ओर से वी.पी. मिश्रा और अजय शुक्ला मौजूद रहे। बैठक में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और पैदल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। प्रस्तावित फुटओवर ब्रिज बनने से रोजाना हजारों लोगों को सड़क पार करने में सुविधा मिलेगी और इलाके में जाम की समस्या भी काफी हद तक कम होने की उम्मीद है।

मेट्रो स्टेशन के पास बढ़ती भीड़ और सुरक्षा की चुनौतियां

दरअसल, नया बना बुराड़ी मेट्रो स्टेशन इलाके के लोगों के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आया है। स्टेशन शुरू होने के बाद बुराड़ी और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग मेट्रो का इस्तेमाल कर रहे हैं। लेकिन मेट्रो स्टेशन के पास स्थित 100 फुटा रोड पर लगातार पैदल यात्रियों की आवाजाही के कारण ट्रैफिक की रफ्तार प्रभावित हो रही है। कई बार लोगों को व्यस्त सड़क के बीच से गुजरना पड़ता है, जिससे हादसे की आशंका भी बनी रहती है।

ट्रैफिक सुचारू करने के लिए दिल्ली पुलिस का सुझाव

इसी समस्या के समाधान के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने डीएमआरसी को फुट ओवर ब्रिज निर्माण का सुझाव दिया था। प्रस्तावित एफओबी के जरिए पैदल यात्रियों को सड़क पार करने के लिए सुरक्षित और अलग रास्ता मिलेगा। इससे वाहनों और पैदल यात्रियों के बीच होने वाला टकराव भी खत्म होगा और ट्रैफिक का प्रवाह सुचारू बना रहेगा।

तकनीकी बाधा दूर, अब अन्य विभागों से मंजूरी का इंतजार

बैठक के दौरान निर्माण कार्य से जुड़ी एक तकनीकी समस्या का भी समाधान निकाल लिया गया, जिससे परियोजना को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हो गया है। हालांकि, निर्माण कार्य शुरू करने से पहले पीडब्ल्यूडी और एमसीडी सहित संबंधित विभागों से आवश्यक मंजूरी ली जाएगी। अधिकारियों का मानना है कि यह परियोजना बुराड़ी क्षेत्र में ट्रैफिक प्रबंधन और सार्वजनिक सुरक्षा के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण साबित होगी।

Khushi Srivastava

खुशी श्रीवास्तव मीडिया इंडस्ट्री में करीब 3 साल का अनुभव रखती हैं। वायरल कंटेंट, लाइफस्टाइल, हेल्थ और वास्तु शास्त्र टिप्स पर प्रमुखता से काम किया है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय, प्रयागराज से मास्टर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई के बाद पहली बार पत्रकारिता के श्रेत्र में कदम रखा। इसके बाद अमर उजाला प्रिंट (प्रयागराज) में इंटर्नशिप की। फिलहाल खुशी, पंजाब केसरी दिल्ली के डिजिटल प्लैटफॉर्म के लिए कंटेंट राइटिंग का काम करती हैं।