रेड लाइट पर खड़े ऑटो और ई-रिक्शा में कार ने मारी टक्कर, चालक की मौत

Summary :

South East District Crime News : साउथ ईस्ट डिस्ट्रिक्ट के न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी थाना इलाके में शनिवार सुबह तेज रफ्तार कार ने रेड लाइट पर खड़े ऑटो और ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसा इतना जोरदार था कि ऑटो चालक की मौत हो गई, जबकि ई-रिक्शा के पास मौजूद एक युवक घायल हो गया। हादसे के बाद आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त ऑटो, ई-रिक्शा और हादसे को…

South East District Crime News : साउथ ईस्ट डिस्ट्रिक्ट के न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी थाना इलाके में शनिवार सुबह तेज रफ्तार कार ने रेड लाइट पर खड़े ऑटो और ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसा इतना जोरदार था कि ऑटो चालक की मौत हो गई, जबकि ई-रिक्शा के पास मौजूद एक युवक घायल हो गया। हादसे के बाद आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त ऑटो, ई-रिक्शा और हादसे को अंजाम देने वाली कार को कब्जे में ले लिया है। कार के नंबर के आधार पर आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।

डीसीपी विनीत कुमार ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 7:15 बजे न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी थाना पुलिस को सुखदेव विहार मेट्रो स्टेशन के पास सड़क हादसे की पीसीआर कॉल मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। वहां एक ऑटो और ई-रिक्शा क्षतिग्रस्त हालत में मिले। पास ही टक्कर मारने वाली कार भी क्षतिग्रस्त अवस्था में पड़ी थी। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला कि ऑटो चालक मोहम्मद कलाम (45) रेड लाइट पर ऑटो लेकर खड़े थे।

इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने पहले ऑटो और फिर ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में कलाम गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस उन्हें अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे में मोहम्मद बबलू भी घायल हुआ है। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। बबलू सुखदेव विहार मेट्रो स्टेशन के नीचे रहता है।

हादसे के बाद परिवार में मातम का माहौल

पुलिस के मुताबिक, मृतक मोहम्मद कलाम अपने परिवार के साथ न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी इलाके में रहते थे। परिवार में पिता, पत्नी समेत अन्य सदस्य हैं। हादसे के बाद परिवार में मातम का माहौल है। न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उसके चालक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हादसे के वक्त कार की रफ्तार कितनी थी और चालक किस दिशा से आ रहा था। आरोपी चालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

Sumant Chaudhary