सीडी कांड : राजनीति में मची खलबली

Summary :

सीडी कांड में भूमिका पर अलग अलग तरह के तथ्य सामने आए हैं। सूत्र दावा करते हैं कि शुरू में आई दो सीडी केवल सामने आए तथ्यों पर ही अधारित है

रायपुर : छत्तीसगढ़ में चर्चित सीडी कांड में कैबिनेट मंत्री को कटघरे में खड़ा करने में भाजपा के नेता रहे मुख्य आरोपी की भूमिका घेरे में है। सीडी कांड को भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के बीच घमासान से जोड़ा जा रहा है। सूत्र दावा करते हैं कि मुख्य आरोपी भाजपा नेता के निष्कासन के बाद से ही परिस्थितियों ने करवट ली है। वहीं मुख्य आरोपी कैलाश मुरारका के बयान ने भी राजनीति में खलबली मचाई है। माना जा रहा है कि जल्दी ही इस मामले में अभी और भी खुलासे होंगे।

दरअसल, भाजपा से निष्कासित कैलाश मुरारका ने ऐसे कई सीडी होने के दावे कर दिए हें। वहीं दिल्ली में आयोजित एक प्रेस वार्ता में खुलासा करने के ऐलान ने ही हड़कंप मचाया हुआ है। इधर सीडी कांड में सीबीआई की पूछताछ के बाद कथित तौर पर खुदकुशी करने वाले रिंकू खनूजा की रहस्यमयी परिस्थितियों में हुई मौत भी एक मुद्दे बन गया है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दल इस मामले में एक दूसरे को राजनीतिक नुकसान का अंदेशा जता रहे हैं। वहीं डेमेज कंट्रोल की भी कवायदें हो रही है।

मुख्य आरोपी के बयान के बाद कई तरह की अटकलों ने भी जोर पकड़ा हुआ है। जल्दी ही इस मामले में नए खुलासे की संभावना भी बढ़ गई है। वहीं दूसरी ओर इस मामले में भाजपा के रणनीतिकारों ने भी मंथन शुरू कर दिया है।

भाजपा नेताओं ने पूरी तरह कांग्रेस पर ही निशाना साधा है। चुनावी घमासान और प्रत्याशी चयन की कवायदों के बीच सीडी कांड में भूमिका पर अलग अलग तरह के तथ्य सामने आए हैं। सूत्र दावा करते हैं कि शुरू में आई दो सीडी केवल सामने आए तथ्यों पर ही अधारित है जबकि वास्तविक स्थिति कुछ ओर है। किसी अन्य राजनेता को बचाने के लिए यह पूरा खेल रचा गया है। वहीं चुनाव के ठीक पहले इस मामले में नए खुलासे हो सकते हैं। इन आशंकाओं के मद्देनजर ही सत्ताधारी दल और विपक्ष की भावी रणनीतियां तय हो रही है।

Desk Team