राजधानी दिल्ली में आज एमसीडी के 250 वार्डों के लिए वोट डाले जा रहे हैं। आज सुबह से ही पोलिंग बूथों पर लोगों की आवाजाही लगी हुई है। वहीं चुनाव के दिन दिल्ली वासियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसको लेकर दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने मेट्रो सेवाओं के टाइमिंग में बदलाव किया है। डीएमआरसी के मुताबिक, आज सुबह चार बजे से ही मेट्रो सेवाएं शुरू कर दी गई हैं। दरअसल, यह फैसला इसलिए लिया गया, क्योंकि चुनाव ड्यूटी में तैनात किए गए कर्मचारियों को पोलिंग बूथों तक पहुंचने के लिए सुबह चार बजे ही घरों से निकलना था।
इसके अलावा दिल्ली परिवहन निगम भी सजग रहा। तड़के तीन बजे से ही डीटीसी की बसें सड़कों पर फर्राटा भरने लगीं। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने भी यात्रियों को जाम से बचने के लिए एक एडवाइजरी जारी की है। वहीं दिल्ली के स्कूलों में भी कल यानि पांच दिसंबर तक छुट्टी रहेगी। दरअसल, शिक्षा विभाग के लगभग 90 प्रतिशत कर्माचरियों की चुनाव में ड्यूटी लगी है।
कल भी रहेगी स्कूलों में छुट्टी
वहीं शिक्षा निदेशालय की तरफ से जारी सर्कुलर में कहा गया था कि स्कूलों के प्रिंसिपल को निर्देश दिया गया था कि वह पांच दिसंबर तक स्कूलों में छुट्टी कर दें। हालांकि जिन शिक्षकों की चुनाव में ड्यूटी नहीं लगी है, वो पांच दिसंबर को ऑनलाइन क्लास लेंगे।
1,349 उम्मीदवार मैदान में
बता दें, एमसीडी चुनाव के लिए आज वोटिंग हो रही है। इस चुनाव में 250 वार्ड में कुल 1,349 उम्मीदवार मैदान में हैं। सुबह 8 बजे से शाम 5।30 बजे तक मतदान कराया जाएगा। एमसीडी चुनाव के नतीजे सात दिसंबर को आएंगे। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, 1।45 करोड़ से ज्यादा मतदाता एमसीडी चुनाव में अपने वोट का प्रयोग करने जा रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



