खेतों में फिर जलने लगी पराली, CM केजरीवाल ने की हरियाणा सरकार से बायो डि-कंपोजर घोल छिड़काव की मांग

Summary :

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने हरियाणा सरकार से पराली से होने वाले वायु प्रदूषण पर लगाम लगाने की मांग की है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने हरियाणा सरकार से पराली से होने वाले वायु प्रदूषण पर लगाम लगाने की मांग की है। केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि हरियाणा सरकार को भी अपने किसानों की मदद करनी चाहिए, जैसे दिल्ली सरकार कर रही है। दिल्ली की तरह हरियाणा के भी सभी खेतों में बायो डी-कंपोजर के घोल का छिड़काव मुफ्त में किया जाए। इससे किसानों को पराली जलाने की ज़रूरत नहीं पड़ेगी। ये बातें अरविंद केजरीवाल ने एक ट्वीटर यूजर के पोस्ट को रिट्वीट करते हुए कही।


दरअसल, एक ट्वीटर यूजर ने एक वीडियो अपलोड किया है जिसमें खेतों में पराली जलते हुए दिखाया गया है। इन पराली के जलने से धुंआ दिल्ली तक पहुंचता है। जिससे यहां पर भी वायु प्रदूषण होता है। बता दें कि दिल्ली सरकार पहले भी आरोप लगाती रही है कि पंजाब और हरियाणा में पराली जलाने से दिल्ली में प्रदूषण होता है।

पंजाब में आप आई तो पराली जलाने से मुक्ति
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा कि पंजाब, जो सालाना लगभग दो करोड़ टन धान का पराली पैदा करता है, अगर राज्य में आम आदमी पार्टी की सरकार बनती है तो वह पराली जलाने से मुक्त हो जाएगा। बता दें, पंजाब में अगले साल विधानसभा चुनाव हैं।
गोपाल राय ने कहा कि दिल्ली ने पराली जलाने की समस्या का समाधान माइक्रोबियल साल्यूशन पूसा बायो-डीकंपोजर के रूप में दिया है और इसे पंजाब के सभी जिलों में मुफ्त में वितरित किया जाएगा, जैसे आप सरकार यहां करती रही है। गोपाल राय ने कहा, यह इतना कठिन नहीं है। आपको ऐसा करने के लिए केवल इच्छाशक्ति की जरूरत है।

Desk Team