स्कूली किताब से भगत सिंह से जुड़ा पाठ हटाने को लेकर CM केजरीवाल ने कर्नाटक सरकार पर बोला हमला

Summary :

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कर्नाटक में स्कूल की एक किताब से भगत सिंह पर आधारित एक पाठ को हटाने को लेकर राज्य की बीजेपी नीत सरकार पर हमला बोला।

कर्नाटक में स्कूल की एक किताब से भगत सिंह पर आधारित एक पाठ को हटाने को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राज्य सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कर्नाटक सरकार के इस फैसले को महान स्वतंत्रता सेनानी की शहादत का अपमान बताते हुए  कहा कि राज्य सरकार को यह निर्णय वापस लेना चाहिए।
मुख्यमंत्री केजरीवाल ने ट्वीट किया कि “बीजेपी के लोग अमर शहीद सरदार भगत सिंह जी से इतनी नफरत क्यों करते हैं? स्कूल की किताबों से सरदार भगत सिंह जी का नाम हटाना अमर शहीद की कुर्बानी का अपमान है।” उन्होंने कहा, “देश अपने शहीदों का ऐसा अपमान बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगा। बीजेपी सरकार को यह फैसला वापस लेना होगा।”

‘आप’ ने कन्नड़ पाठ्यपुस्तक से भगत सिंह पर आधारित पाठ को हटाने के फैसले को ‘शर्मनाक’ बताया। पार्टी ने कर्नाटक सरकार इस पाठ को स्कूली किताब में दोबारा शामिल करने की मांग की। ‘आप’ के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया गया, “शर्मनाक। कर्नाटक की बीजेपी सरकार ने स्कूल की किताबों से भगत सिंह जी से जुड़ा पाठ हटा दिया है। बीजेपी शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह जी से इतनी नफरत क्यों करती है?” पार्टी ने कहा, “बीजेपी को यह फैसला वापस लेना चाहिए। भारत हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के इस तरह के अपमान को बर्दाश्त नहीं करेगा।”


दरअसल, ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गनाइजेशन (एआईडीएसओ) और ऑल इंडिया सेव एजुकेश कमेटी (एआईएसईसी) समेत कुछ संगठनों ने दावा किया है कि कर्नाटक सरकार ने भगत सिंह पर आधारित एक पाठ को स्कूली किताब से हटा दिया है तथा दसवीं कक्षा की संशोधित कन्नड़ पाठ्यपुस्तक में आरएसएस के संस्थापक केशव बलिराम हेडगेवार का भाषण शामिल किया है। इस बीच, कर्नाटक के प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षा मंत्री बीसी नागेश ने दसवीं कक्षा के छात्रों के लिए जारी संशोधित कन्नड़ पाठ्यपुस्तक में हेडगेवार के एक भाषण को शामिल करने के फैसले का बचाव किया है।

Desk Team