नई दिल्ली : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर शुक्रवार को दिल्ली विधानसभा में शहीद मेमोरियल गैलेरी का उद्घाटन किया। इस दौरान कुछ समय के लिए विधानसभा को आम लोगों के लिए खोला गया। इससे पहले विधानसभा का यह गलियारा आने-जाने के लिए इस्तेमाल होता था, अब यह आर्ट गैलरी में तब्दील हो गई है। इस गैलरी में देश के 70 स्वतंत्रता सेनानियों की फोटो लगाई गई हैं। इस अवसर पर सीएम केजरीवाल ने कहा कि बच्चों के लिए ज्यादा से ज्यादा स्कूल खोलना, अच्छी शिक्षा देना, ज्यादा अस्पताल खोलना, गरीबी-अमीरी के बीच का फांसला कम करना, सड़कें बनवाना पुल बनवाना और आईटी के उपर काम करना, ये असली देशभक्ति है।
लेकिन आज हिंसा का ऐसा माहौल बन गया है कि लोगों के लिए सामान्य जिंदगी जीना मुश्किल होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब तक शांति और अमन-चैन नहीं होगा तक किसी भी तरक्की नहीं होगी। उन्होंने कहा कि भारत माता के हिन्दू, मुस्लिम, सिख और ईसाई कई सारे बेटे हैं। देश तभी तरक्की करेगा, जब ये बेटे आपस में मिल जुलकर रहेंगे। हालांकि इस गैलरी में स्वतंत्रता सेनानी टीपू सुल्तान की फोटो को लेकर भाजपा विधायक ओपी शर्मा ने विरोध दर्ज कराया है।
उनका कहना है कि विधानसभा में टीपू सुल्तान की फोटो को लगाया जाना भावनाओं को आहत करने वाला है। उनका कहना है कि अरविंद केजरीवाल को पता है कि ये विवादित है तो फिर ये फोटो क्यों लगाई गईं। जबकि टीपू सुल्तान की फोटो लगाए जाने पर विधानसभा अध्यक्ष रामनिवास गोयल का कहना है कि टीपू सुल्तान की फोटो लगाना गर्व की बात है, उन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ जंग में बड़ा योगदान दिया था।
अधिक जानकारियों के लिए यहाँ क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



