नई दिल्ली : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को संतनगर, बुराड़ी के 33 कॉलोनियों में 250 किलोमीटर लंबी सीवर लाइनों के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इसकी लागत करीब 250 करोड़ रुपए हैं। यह काम 36 माह में पूरा होगा। इससे करीब साढ़े पांच लाख परिवार को फायदा होगा। इस दौरान विधायक संजीव झा, दिल्ली सरकार के अधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर सीएम केजरीवाल ने कहा सत्तर साल में किसी पार्टी को कच्ची कॉलोनियों में रहने वालों से कोई मतलब नहीं था। जब केजरीवाल ने पांच साल में काम कराकर इन कॉलोनियों को बदला तो उन्हें इन कॉलोनियों की याद आ गई है। मैंने कसम खाई थी कि हम कच्ची कॉलोनियों का उद्धार करेंगे। इसके लिए मैंने नियम-कानून भी बदल दिए।
पहले कच्ची कॉलोनियों में नियम था कि यहां काम नहीं हो सकता लेकिन मैंने खुद खड़े होकर रात-दिन लगकर कच्ची कॉलोनियों में विकास कार्य कराएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं पिछले एक दो माह से सुन रहा हूं भाजपा कच्ची कॉलोनियों को पक्का कराने के लिए कह रही है। मैं पूछता हूं कि पांच साल में क्यों नहीं कराए? मैं पांच साल से नाली और सड़क बनवा रहा था तब केन्द्र सरकार कहां थी। अब दो माह से उसे कच्ची कॉलोनियों की याद आ रही है।
लेकिन हाथ में रजिस्ट्री देने पर वे लोग चुप हैं लेकिन आप चिंता न करना मैं रजिस्ट्री भी दिलवाऊंगा। मेरा दिल जानता था कि कैसे इन कॉलोनियों में काम कराया। वे फाइल रोकते थे और मैं लड़-लड़कर काम कराता था। उन लोगों ने पहले आपके सीसीटीवी कैमरे को रोका। मैं एलजी दफ्तर में दस दिन बैठा और फाइल कराकर लाया। उन्होंने आपके मोहल्ला क्लीनिक को रोका। उसे कराया।
अब कच्ची कॉलोनियों की रजिस्ट्री कराकर ही दम लूंगा। इसके लिए मुझे चाहे जो करना पड़े। मैं दिल्ली की जनता को स्पष्ट कर दूं कि जैसे हर रुकावट को दरकिनार कर सीसीटीवी लगवाए, मोहल्ला क्लीनिक खुलवाए उसी तरह रजिस्ट्री भी कराकर दिखाऊंगा।
पहली बार किसी सरकार ने बुजुर्गों को कराई तीर्थ यात्रा
सीएम केजरीवाल ने कार्यक्रम के दौरान बुराड़ी के लोगों से पूछा तो एक महिला बोली कि वह उज्जैन की यात्रा करके लौटी है। महिला ने कहा कि पहली बार कोई सरकार अपने बुजुर्गों को यात्रा करा रही है। उसने सीएम को श्रवण कुमार का चित्र भी दिया। सीएम ने कहा कि हमारे बुजुर्ग, हरिद्वार, रामेश्वरम, कोणार्क सब जगह जा रहे हैं। ऐसा सत्तर साल में पहली बार हो रहा है कि सरकार बुजुर्गों को तीर्थयात्रा करा रही है।


Download Android App
Download iOS App



