दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अपनी सरकार की तीर्थ यात्रा योजना का आगाज़ 12 जुलाई को करेंगे और योजना के तहत दिल्ली-अमृतसर-बाघा बॉडर्र-आनंदपुर साहिब टूर सर्किट के लिए 1000 तीर्थ यात्रियों को ले जाने वाली ट्रेन को रवाना करेंगे। यह जानकारी दिल्ली के राजस्व मंत्री कैलाश गहलोत ने दी।
इस योजना के तहत पूरी यात्रा का खर्च सरकार वहन करेगी। गहलोत ने कहा कि योजना के तहत अब तक पांच गलियारों का चयन किया गया है जिसमें दिल्ली-मथुरा-वृदांवन-आगरा-फतेहपुर सीकरी, दिल्ली-हरिद्वार-ऋषिकेश-नीलकंठ, दिल्ली-अजमेर-पुष्कर, दिल्ली-अमृतसर-बाघा बॉर्डर-आनंदपुर साहिब और दिल्ली-वैष्णों देवी-जम्मू शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि दिल्ली-वैष्णों देवी-जम्मू गलियारे पर दूसरा टूर 20 से 24 जुलाई तक होगा। मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत सरकार सभी यात्रियों का सारा खर्च वहन करेगी जिसमें वाताकूनुलित ट्रेन यात्रा, रहना, खाना, आदि शामिल हैं। उन्होंने पत्रकारों को बताया कि प्रत्येक यात्री के साथ 21 साल से ज्यादा उम्र का एक साथी भी जा सकता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बृहस्पतिवार को दिल्ली सचिवालय में तीर्थयात्रियों से मिलेंगे।


Download Android App
Download iOS App



