किसान नेता राकेश टिकैत ने रविवार को कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को 14 अप्रैल को एक कार्यक्रम के लिए बदौली गांव में घुसने नहीं देगा। टिकैत ने सिंघू बॉर्डर पर मीडिया से बात करते हुए आरोप लगाया कि खट्टर भीम राव आंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण करने की आड़ में इलाके में सौहार्द बिगाड़ने आ रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘हम बाबा साहेब की प्रतिमा के खिलाफ नहीं हैं, हम खट्टर के खिलाफ हैं। संयुक्त किसान मोर्चा ने फैसला किया है कि जब तक हमारा प्रदर्शन जारी है, हम मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री के खिलाफ हैं। ’’ टिकैत ने कहा, ‘‘वह यहां प्रतिमा का अनावरण करने नहीं आ रहे है, बल्कि लोगों के बीच सौहार्द में खलल डालने की भाजपा की साजिश के तहत यहां आ रहे हैं। हम खाप पंचायत के साथ, उन्हें ऐसा नहीं करने देंगे। ’’
खट्टर का 14 अप्रैल को बाबा साहेब आंबेडकर की जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमा का अनावरण करने पानीपत के बदौली गांव की यात्रा करने का कार्यक्रम है। टिकैत ने कहा, ‘‘हम उन्हें गांव में घुसने नहीं देंगे। यदि कोई अन्य व्यक्ति प्रतिमा का अनावरण करना चाहेगा तो वह इसे कर सकता है। ’’ दिल्ली की सीमाओं पर पिछले साल नवंबर से डेरा डाले प्रदर्शनकारी किसान केंद्र के तीन नये कृषि कानूनों को रद्द करने की मांग कर रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



