सीएम रेखा गुप्ता का कड़ा आदेश, कागजों पर नहीं जमीन पर चाहिए विकास, लापरवाही पर अधिकारियों को लगाई फटकार

Summary :

CM Rekha Gupta Reviews DMRC and PWD Projects: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को आजादपुर के पास गुप्ता मार्केट, आजादपुर चौक और त्रिपोलिया चौक के साथ-साथ आसपास के इलाकों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दिल्ली मेट्रो और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के चल रहे विकास कार्यों का मौके पर जाकर जायजा लिया और अधिकारियों से विस्तृत प्रगति रिपोर्ट तलब की। काम में देरी, अव्यवस्था और खराब स्वच्छता व्यवस्था को देखकर मुख्यमंत्री ने कड़ी नाराजगी जताई और अधिकारियों को सख्त फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विकास कार्यों में लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की…

CM Rekha Gupta Reviews DMRC and PWD Projects: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को आजादपुर के पास गुप्ता मार्केट, आजादपुर चौक और त्रिपोलिया चौक के साथ-साथ आसपास के इलाकों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दिल्ली मेट्रो और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के चल रहे विकास कार्यों का मौके पर जाकर जायजा लिया और अधिकारियों से विस्तृत प्रगति रिपोर्ट तलब की। काम में देरी, अव्यवस्था और खराब स्वच्छता व्यवस्था को देखकर मुख्यमंत्री ने कड़ी नाराजगी जताई और अधिकारियों को सख्त फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विकास कार्यों में लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अब काम केवल कागजों में नहीं, बल्कि जमीन पर साफ तौर पर दिखाई देना चाहिए।

निर्माण के दौरान आवाजाही बाधित न करने का आदेश

मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित विभागों को सख्त निर्देश दिए कि कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए और किसी भी तरह की ढिलाई न बरती जाए। साथ ही, यह सुनिश्चित किया जाए कि काम के दौरान स्थानीय लोगों की आवाजाही, सुरक्षा और सुविधाओं पर कोई असर न पड़े और इन्हें सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, गति और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के सभी पहलुओं पर अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य पूर्ण पारदर्शिता के साथ, निर्धारित समय-सीमा के भीतर और गुणवत्ता से बिना किसी समझौते के पूरे किए जाएं ताकि जनता को समय पर सभी आवश्यक सुविधाएं मिल सकें। मुख्यमंत्री ने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को आदेश दिया कि आजादपुर, आदर्श नगर और त्रिपोलिया चौक में नए मास्टर प्लान के तहत ड्रेनेज सिस्टम का पुनर्निर्माण और नालों की तत्काल डीसिल्टिंग (गाद निकालना) सुनिश्चित की जाए, ताकि जलभराव का स्थायी समाधान हो सके।

पैदल यात्रियों के लिए सुगम व्यवस्था विकसित करने के दिए निर्देश

सीएम ने सड़कों की मरम्मत, गड्ढामुक्त रोड और फुटपाथों के सौंदर्यीकरण के माध्यम से पैदल यात्रियों के लिए सुगम व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए। साथ ही, सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता, कूड़ा प्रबंधन और टूटे-फूटे ढांचों को तुरंत दुरुस्त करने पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सभी कार्यों की नियमित निगरानी की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की सीधी जवाबदेही तय होगी। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने मेट्रो निर्माण कार्यों की तकनीकी और संरचनात्मक स्थिति की सख्त समीक्षा की।
आजादपुर चौक क्षेत्र में निर्माण कार्यों का जायजा लेते हुए उन्होंने पिलर्स (स्तंभों) की मजबूती और गुणवत्ता को परखा और किसी भी तरह की लापरवाही पर नाराजगी जताई। फुटपाथों पर बने पिलर्स को लेकर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य पूरा होते ही फुटपाथों को तुरंत पहले जैसी स्थिति में बहाल किया जाए। मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में सुरक्षा मानकों, गुणवत्ता और स्वच्छता के साथ कोई समझौता नहीं होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण स्थलों पर जल निकासी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और पीडब्ल्यूडी के साथ बेहतर समन्वय बनाकर सभी परियोजनाओं को पूरी पारदर्शिता के साथ तय समय-सीमा में हर हाल में पूरा किया जाए।

Khushi Srivastava

खुशी श्रीवास्तव मीडिया इंडस्ट्री में करीब 3 साल का अनुभव रखती हैं। वायरल कंटेंट, लाइफस्टाइल, हेल्थ और वास्तु शास्त्र टिप्स पर प्रमुखता से काम किया है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय, प्रयागराज से मास्टर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई के बाद पहली बार पत्रकारिता के श्रेत्र में कदम रखा। इसके बाद अमर उजाला प्रिंट (प्रयागराज) में इंटर्नशिप की। फिलहाल खुशी, पंजाब केसरी दिल्ली के डिजिटल प्लैटफॉर्म के लिए कंटेंट राइटिंग का काम करती हैं।