नई दिल्ली : नेता विपक्ष विजेन्द्र गुप्ता ने गुरुवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे अपने चहेते दिल्ली वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष विधायक अमानतुल्लाह खान के आपराधिक भ्रष्टाचार के गंभीर मामलों पर न केवल आंख मूंदकर बैठे हुए हैं, बल्कि उन्हें अपना पूरा संरक्षण दे रहे हैं। उन्होंने उपराज्यपाल से मांग की है कि वक्फ बोर्ड में व्याप्त गंभीर भ्रष्टाचार तथा अनियमितताओं की सीबीआई से जांच करवाई जाए। गुप्ता ने कहा कि अमानतुल्लाह खान ने हाल ही में गैर कानूनी तरीके से वक्फ बोर्ड की कम से कम 100 करोड़ की संपत्तियों को बिना किसी प्रक्रिया का पालन करते हुए अपने चहेतों को सौंप दी।
जान-पहचान और रिश्तेदारी के आधार पर बोर्ड में विभिन्न पदों पर 36 कर्मचारियों को गलत तरीके से नियुक्त किया और अब बोर्ड के बैंक खातों पर भारी हेराफेरी करने की नीयत से कब्जा करने की कोशिश में हैं। इसके बावजूद केजरीवाल आज भी अमानतुल्लाह खान को पनाह दे रहे हैं। विजेन्द्र गुप्ता ने कहा कि आम आदमी पार्टी द्वारा समर्थित भ्रष्टाचार और हेराफेरी के चलते ईमानदार मुस्लिम के हितों पर भारी कुठाराघात किया जा रहा है। एक तरफ आम आदमी पार्टी मुस्लिमों के हित की बात करती है, वहीं दूसरी ओर उनके हितों के विरुद्ध काम करती है।
केजरीवाल ने अगस्त, 2018 में अमानतुल्लाह खान को सीबीआई द्वारा विभिन्न मामलों की जांच के बावजूद भी बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त किया था। उस समय भी उनके ऊपर अपने नजदीकी 22 रिश्तेदारों को बोर्ड में गलत तरीके से नियुक्तियां देने, विधवा पेंशन में हेराफेरी, नये किरायेदारों की रसीदों को काटने में हुए भ्रष्टाचार, 27 लाख रुपए के गबन की जांच चल रही थी जो कि अभी भी जारी है।
विजेन्द्र गुप्ता ने कहा कि अमानतुल्लाह खान दिल्ली वक्फ बोर्ड के नाम से बिना मुख्य कार्यकारी अधिकारी की अनुमति के बिना बैंक अकाउंट खोलने की फिराक में हैं। वे चाहते हैं कि उन्हें बोर्ड का पैसा निजी कार्यों के लिए खर्च करने की पावर मिल जाए। यह एक अत्यंत गंभीर मामला है और इस गलत प्रयास को अविलंब रोका जाना चाहिए।


Download Android App
Download iOS App



