दिल्ली और आस-पास के शहरों में सीएनजी का खुदरा कारोबार करने वाली कंपनी ने कीमतें मंगलवार सुबह से एक रुपये प्रति किलो बढ़ाने की घोषणा की है। यह वृद्धि गैस स्टेशनों को कोरोना वायरस महामारी के मद्देनजर सुरक्षित बनाने के अतिरिक्त खर्च को लेकर है।
वाहनों के लिये सीएनजी और रसोइयों में पाइप से प्राकृतिक गैस (पीएनजी) की आपूर्ति करने वाली कंपनी इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड ने सोमवार को ट्वीट के माध्यम से बताया कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में सीएनजी की कीमत 42 रुपये प्रति किलोग्राम से बढ़ाकर 43 रुपये किलोग्राम कर दी गयी। बढ़ी दरें दो जून 2020 को सुबह छह बजे से लागू होंगी। हालांकि, पीएनजी की कीमतों में कोई बदलाव नहीं होगा।
कंपनी ने पिछली बार तीन अप्रैल को सीएनजी और पीएनजी की कीमतों में बदलाव किया था। तब सीएनजी की कीमत में 3.2 रुपये प्रति किलोग्राम और प्राकृतिक गैस की दर में 1.55 रुपये प्रति यूनिट की कटौती की गयी थी।
कंपनी ने एक अन्य ट्वीट में कहा, “नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में सीएनजी खुदरा मूल्य को 47.75 रुपये प्रति किलो से बढ़ाकर 48.75 रुपये प्रति किलोग्राम किया जा रहा है। हरियाणा के करनाल जिले में सीएनजी की दर 50.85 रुपये प्रति किलोग्राम और रेवाड़ी में 55.1 रुपये प्रति किलोग्राम हो गयी है।’’


Download Android App
Download iOS App



