कमर्शियल LPG में ₹993 की भारी बढ़ोतरी, दिल्ली में बढ़ेंगे खाने के दाम, रोजगार पर असर की आशंका

Commercial LPG Price

Commercial LPG Price: कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी के एक दिन बाद दिल्ली में रेस्तरां संचालकों और रेहड़ी पटरी वालों ने कहा कि यदि यह रुझान जारी रहा तो खाने के दाम बढ़ेंगे, आर्थिक दबाव बढ़ेगा और रोजगार पर भी असर पड़ सकता है। कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में 993 रुपये की भारी वृद्धि की गई है। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण वैश्विक ऊर्जा कीमतों में बढ़ोतरी के बीच लगातार तीसरे महीने कीमतों में इजाफा किया गया है।

सिलेंडर महंगे, रेस्टोरेंट कारोबार पर भारी दबाव

इससे जुड़ी एक संस्था के अधिकारी ने बताया कि रेस्तरां पहले से ही आपूर्ति संबंधी चुनौतियों और बढ़ती लागत से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सिलेंडर की उपलब्धता में कठिनाई है और कई असंगठित क्षेत्रों में कालाबाजारी भी बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि जो कीमत पहले करीब 1,600 रुपये थी और छूट के साथ 1,300 रुपये तक आ जाती थी, वह अब बढ़कर 3,000 से 4,000 रुपये प्रति सिलेंडर हो गई है। मध्यम आकार के एक रेस्तरां को रोजाना दो से पांच सिलेंडर की जरूरत होती है, जिससे लागत पर भारी दबाव पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि छोटे प्रतिष्ठानों के लिए स्थिति और कठिन हो सकती है।

रेस्तरां को PNG कनेक्शन की सलाह

रेस्तरां को लंबे समाधान के रूप में इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड के पाइप वाली रसोई गैस (पीएनजी) कनेक्शन की ओर जाने की सलाह दी है। एक रेस्तरां संचालक ने कहा कि सिलेंडर कीमतों में लगभग तीन गुना वृद्धि का असर उद्योग पर साफ दिख रहा है। उन्होंने कहा कि ईंधन और लॉजिस्टिक्स लागत बढ़ने से दबाव और बढ़ गया है और यदि यह जारी रहा तो खाने के दाम बढ़ाना अनिवार्य हो जाएगा। ईरान युद्ध के कारण वैश्विक तेल कीमतों में लगभग 50 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जिससे ईंधन और परिवहन लागत भी बढ़ गई है। एक रेस्तरां संचालक ने कहा कि वह लागत बढ़ने के बावजूद कर्मचारियों को समय पर वेतन देने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन स्थिति लंबी चली तो परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।

Also Read: AIIMS ने शुरू किया भारत का पहला पोर्टेबल बेडसाइड MRI सिस्टम, गंभीर मरीजों के लिए वरदान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Make Punjab Kesari Your Trusted News Source

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।