रायपुर : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता और विधायक शिवरतन शर्मा ने कांग्रेस की कोर ग्रुप कमेटी के गठन को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल की विदाई का ट्रेलर बताया है। प्रवक्ता व विधायक शर्मा ने कहा कि दो-दो सीडी मामलों की साजिशों और टिकटों की सौदेबाजी के गंभीर, शर्मनाक व अलोकतांत्रिक कृत्य के आरोपों से घिरे बघेल को लेकर भाजपा का शुरू से स्पष्ट मत रहा है कि जिस निचले स्तर की सियासत बघेल कर रहे हैं, वह सार्वजनिक जीवन में लोकतंत्र की भावना व मर्यादा के अनुरूप नहीं है।
कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व को तो दो-दो आपराधिक साजिशों आरोपो में घिरे बघेल को पहले ही बाहर का रास्ता दिखा देना था। इसलिए उससे किसी कारगर पहल की अपेक्षा करना ही बेमानी था। अब जब कांग्रेस की सात लोगों की कोरग्रुप कमेटी गुरुवार को घोषित की गई है, वह बघेल को उनके घटते सियासी कद का अहसास कराने के लिए पर्याप्त है।
शर्मा ने कहा कि बघेल अब प्रदेश कांग्रेस के बस नाम के ही अध्यक्ष रह गए हैं। शर्मा ने चुटकी ली कि आगामी चुनावों के मद्देनजर परकटे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के पास काफी समय रहेगा, तो वे अब घूम-घूमकर विकास के मुद्दे पर जब, जहां और जैसे चाहें, भाजपा के नेताओं से खुली बहस करने की चुनौती स्वीकार कर लेें।


Download Android App
Download iOS App



