Congress Took Out A Cycle Rally : स्वतंत्रता दिवस के मौके पर दिल्ली में कांग्रेस ने तिरंगे के साथ सामाजिक सद्भाव, पर्यावरण संरक्षण और देश की एकता का संदेश दिया। बाबरपुर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से आयोजित सद्भावना तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता साइकिलों पर सवार होकर शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लिए कार्यकर्ताओं ने देश की एकता और अखंडता के समर्थन में नारे लगाए। यात्रा का नेतृत्व दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने किया।
तिरंगा यात्रा में गूंजे एकता और अखंडता के नारे
यात्रा नंद नगरी स्थित जिला अधिकारी कार्यालय से शुरू होकर सीमापुरी में समाप्त हुई। बाबरपुर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राज कुमार जैन के नेतृत्व में निकाली गई इस यात्रा में कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बना। साइकिल यात्रा के जरिए कांग्रेस ने स्वतंत्रता दिवस को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए लोगों को स्वच्छ और हरित दिल्ली का संदेश भी दिया। यात्रा के दौरान देवेंद्र यादव ने कहा कि तिरंगा सिर्फ देश की आन-बान-शान का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह भारत की विविधता में एकता, लोकतंत्र, भाईचारे और संविधान में निहित मूल्यों का भी प्रतीक है।
साइकिल यात्रा से दिया स्वच्छ और हरित दिल्ली का संदेश
उन्होंने कहा कि आज जरूरत है कि देश की एकता और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने के लिए सभी लोग मिलकर काम करें। स्वतंत्रता सेनानियों ने जिस भारत का सपना देखा था, उसे साकार करने के लिए हर नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। यादव ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा देश की एकता, अखंडता, लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष किया है। पार्टी आगे भी जनता के अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।
कार्यकर्ताओं ने देशभक्ति नारों के साथ स्वतंत्रता दिवस का जश्न मनाया
यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने देशभक्ति के नारों के साथ स्वतंत्रता दिवस का जश्न मनाया और ‘तिरंगा हमारी शान है, भारत की एकता हमारी पहचान है’ जैसे नारे लगाए। यात्रा में लोकसभा पर्यवेक्षक लक्ष्मण रावत, महासचिव पीके मिश्रा, पूर्व विधायक हाजी इशराक, पूर्व विधायक अब्दुल रहमान, पार्षद हाजी जरीफ, उपाध्यक्ष मीडिया कम्युनिकेशन अनुज आत्रेय, महासचिव भूपेश यादव, धर्मपाल चंदेला, पूर्व जिला अध्यक्ष कैलाश जैन, पूर्व पार्षद अजीत चौधरी समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



Download Android App
Download iOS App





