80th Independence Day : देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दिल्ली पुलिस मुख्यालय में भी देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। पुलिस मुख्यालय के लॉन में आयोजित समारोह में स्पेशल सीपी राजेश खुराना ने तिरंगा फहराया। इस दौरान स्पेशल सीपी गरिमा भटनागर, विवेक किशोर और एचजीएस धालीवाल, पीआरओ व एडिशनल कमिश्नर राजीव रंजन सहित दिल्ली पुलिस के अधिकारी और जवान मौजूद रहे। उन्होंने पुलिस परिवार के सभी सदस्यों और उनके परिजनों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
समारोह को संबोधित करते हुए स्पेशल सीपी राजेश खुराना ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें आजादी की लड़ाई में दिए गए बलिदानों और संघर्षों की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि यह दिन स्वतंत्रता, न्याय, समानता और गरिमा जैसे मूल्यों की रक्षा करने का संकल्प लेने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस की जिम्मेदारी केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों के अधिकारों की रक्षा करना, शांति और सार्वजनिक व्यवस्था कायम रखना तथा अपराध की रोकथाम और जांच में प्रभावी भूमिका निभाना भी पुलिस का दायित्व है। हर चुनौती का सामना पुलिसकर्मियों को पेशेवर क्षमता, दक्षता और संवेदनशीलता के साथ करना चाहिए।
परिवार से दूर रहकर निभाते हैं जिम्मेदारी
स्पेशल सीपी ने दिल्ली पुलिस के सभी रैंक के अधिकारियों और कर्मचारियों के समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी कठिन परिस्थितियों में भी पूरी निष्ठा से ड्यूटी निभाते हैं और कई बार राष्ट्रीय पर्वों पर भी अपने परिवार से दूर रहकर जनता की सुरक्षा में तैनात रहते हैं।
इस अवसर पर उन्होंने ड्यूटी के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले दिल्ली पुलिस के सभी शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि इन वीर पुलिसकर्मियों का बलिदान पुलिस बल के प्रत्येक सदस्य को कर्तव्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देता है। समारोह के दौरान पुलिस मुख्यालय का वातावरण देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना से सराबोर रहा।



Download Android App
Download iOS App




