Devendra Nath Mahto Injury: आज देश जहां अपना 80 वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। इस बीच झारखंड की राजधानी रांची में JPSC और JSSC में सुधार की मांग को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है। ऐसे में शनिवार को आंदोलन का 22वां दिन है। इसी बीच छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में झंडा फहराने जाते समय पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान हुई धक्का-मुक्की में उनके सीने में चोट लगी। देवेंद्र नाथ महतो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि स्टेडियम में झंडा फहराने जाने के दौरान पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इसी दौरान धक्का-मुक्की हुई, जिसमें उनके सीने पर चोट लगी। उन्होंने बताया कि फिलहाल उनका इलाज चल रहा है और डॉक्टरों की निगरानी में मेडिकल जांच भी कराई जा रही है। देवेंद्र नाथ महतो के मुताबिक, वह आंदोलन स्थल पर आयोजित ध्वजारोहण कार्यक्रम और तिरंगा यात्रा में शामिल होना चाहते थे। उनका कहना है कि शांतिपूर्ण तरीके से कार्यक्रम में शामिल होने की इच्छा जताने के बाद सदर अस्पताल स्थित उनके कमरे के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
14 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे मेरे साथ आज पुलिस द्वारा धक्का-मुक्की और बलपूर्वक रोकने की कोशिश की गई। मेरे साथ मौजूद साथियों के साथ भी पुलिस द्वारा मारपीट की गई।
कई दिनों से भूखा होने के बावजूद मैं अपने अधिकार और जनता की आवाज़ के लिए खड़ा हूँ। हमें इस तरह रोककर हमारी आवाज़ को… pic.twitter.com/TRxMaMkBqR
— Devendra Nath Mahto (@DevendraNathMa9) August 15, 2026
आज निकाली जा रही तिरंगा यात्रा
JPSC और JSSC रिफॉर्म की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों की ओर से शनिवार को तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इस यात्रा की शुरुआत जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से होगी। छात्र तिरंगा लेकर शहर की प्रमुख सड़कों से गुजरेंगे और लोगों के बीच अपनी मांगों को पहुंचाने की कोशिश करेंगे।
तय कार्यक्रम के अनुसार, तिरंगा यात्रा जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से निकलकर कचहरी चौक पहुंचेगी। इसके बाद यात्रा न्यूक्लियस मॉल, लालपुर चौक, प्लाजा चौक, फिरायालाल चौक और शहीद चौक से होकर गुजरेगी। इसके बाद छात्र वापस जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंचेंगे, जहां यात्रा का समापन होगा।
‘क्या यही आजादी है?’ देवेंद्र नाथ महतो का सवाल
पुलिस पर आरोप लगाते हुए देवेंद्र नाथ महतो ने सवाल उठाया कि आखिर क्या यही आजादी है। उन्होंने कहा कि क्या देश में अपने ही लोगों को तिरंगा फहराने और तिरंगा यात्रा में शामिल होने की आजादी नहीं है।
उन्होंने कहा कि परिस्थितियां कठिन होने के बावजूद वह शांतिपूर्ण तरीके से कार्यक्रम में शामिल होना चाहते हैं। उनका कहना है कि छात्रों का आंदोलन अपनी मांगों को लेकर चल रहा है और वे लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात सरकार तक पहुंचाना चाहते हैं।
इलाज के दौरान भी जारी है भूख हड़ताल
देवेंद्र नाथ महतो ने इससे पहले अस्पताल से भी अपनी मौजूदा हालात के बारे में जानकारी दी थी। उन्होंने बताया था कि इलाज चलने के बावजूद उनकी भूख हड़ताल जारी है। JPSC और JSSC में सुधार समेत छात्रों से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन लगातार आगे बढ़ रहा है।
फिलहाल शनिवार को होने वाली तिरंगा यात्रा को लेकर छात्रों में उत्साह है। वहीं, देवेंद्र नाथ महतो की ओर से पुलिस पर लगाए गए आरोपों के बाद मामला और चर्चा में आ गया है। आंदोलनकारी छात्र अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन जारी रखने की बात कह रहे हैं।
यह भी पढ़ें: सिर्फ पति UAPA आरोपी होने से पत्नी की संपत्ति अवैध नहीं! झारखंड हाईकोर्ट ने दिया बड़ा फैसला



Download Android App
Download iOS App




