कांग्रेस ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी के नयी दिल्ली सीट से उम्मीदवार अरविंद केजरीवाल के खिलाफ युवा कांग्रेस के तेजतर्रार नेता रमेश सभरवाल को मैदान में उतारा है। कांग्रेस ने सोमवार को सात उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी जिसमें सभरवाल को मुख्यमंत्री केजरीवाल के खिलाफ नयी दिल्ली सीट से उम्मीदवार घोषित किया गया है।
रमेश सभरवाल कांग्रेस के छात्र संगठन एनएसयूआई के भी चर्चित नेता रहे हैं। कांग्रेस चुनाव समिति के प्रमुख मुकुल वासनिक ने यहां जारी विज्ञप्ति में यह जानकारी दी। दूसरी सूची में दिल्ली विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष रहे अमरीश गौतम को कांग्रेस ने कोंडली (सु.) सीट से उम्मीदवार बनाया है जबकि डूसू के छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष रॉकी तुसीद को राजेंद्र नगर सीट से उम्मीदवार बनाया गया है।
इसके अलावा पार्टी ने एस अमरिंदर सिंह बमराह को तिलकनगर से प्रमोद कुमार यादव को बदरपुर से, भीष्म शर्मा को घोंडा से और अरविंद सिंह को करावल नगर से टिकट दिया है। गौरतलब है कि इससे पहले कांग्रेस ने 54 उम्मीदवारों की पहली सूची शनिवार को जारी की जिसमे वरिष्ठ नेता कृष्णा तीरथ, राजेश लिलोतिया, हारून यूसुफ, डॉ नरेन्द्रनाथ तथा अरविंद सिंह लवली सहित कई प्रमुख नेता शामिल है। कांग्रेस ने चार सीटें राजद को दी है अभी कांग्रेस की पांच सीटों पर उम्मीदवार बाकी है।


Download Android App
Download iOS App



