नई दिल्ली : आप ने गठबंधन न होने के लिए सीधे तौर पर कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया है। कांग्रेस के सिर पर गठबंधन न होने का ठीकरा फोड़ते हुए आप के दिल्ली संयोजक गोपाल राय ने रविवार को पार्टी मुख्यालय में कहा कि कांग्रेस ने गठबंधन में कोई रुचि नहीं दिखाई। उसने अब गठबंधन के सारे रास्ते बंद कर दिए हैं।
गोपाल राय ने कहा कि कांग्रेस लोगों में भ्रम फैलाती रही कि आप की वजह से गठबंधन नहीं हो पा रहा है। जबकि हमने कांग्रेस के उन सभी प्रस्तावों को मान लिया जो उसने दिए थे। कांग्रेस लगातार अपनी बात से मुकरती रही। हमने कई बार अलग-अलग प्रस्ताव दिए लेकिन उसने कोई प्रस्ताव नहीं माना। अब कांग्रेस अपने मूल चरित्र पर आकर खड़ी हो गई है। आज पूरे देश में कांग्रेस विपक्ष की ताकत को कमजाेर करने में लगी है। उत्तर प्रदेश में विपक्ष के गठबंधन को कमजोर करने के लिए अलग से चुनाव लड़ रही है।
पश्चिम बंगाल में कांग्रेस ममता बनर्जी की ताकत को कमजोर करने में लगी हुई है। आंध्र प्रदेश में चंद्रबाबू नायडू की ताकत को कमजोर कर रही है। केरल में भी उसका यही हाल है। हमने कांग्रेस को एक और मौका दिया था। अपने तीन प्रत्याशियों के नामांकन भी रोक दिए थे। हमें उम्मीद थी कि कांग्रेस सकारात्मक निर्णय लेगी मगर कांग्रेस ने नकारात्मक निर्णय लिया है। अब ऐसा दिख रहा है कि कांग्रेस भाजपा का मुकाबला करने की बजाय उसे अप्रत्यक्ष रूप से लाभ पहुंचाने का काम कर रही है।
हम दिल्ली में जनता के बीच जाएंगे और जनता को बताएंगे कि कांग्रेस किस तरह आप के वोट काटकर भाजपा को लाभ पहुंचाने की रणनीति बना रही है। लोग उसके झांसे में न आएं, इसके लिए दिल्ली में कांग्रेस के खिलाफ पोल खोल अभियान चलाया जाएगा। राय ने कहा कि हम भाजपा से मुकाबला करेंगे और हमारे सभी उम्मीदवार जीतेंगे। उन्होंने कहा कि जिस तरह दिल्ली की जनता ने हमें 2015 में अपना भरपूर समर्थन दिया है उसी तरह अब भी समर्थन मिलेगा।


Download Android App
Download iOS App



