पणजी : विपक्षी कांग्रेस ने आज कहा कि उसके दो विधायकों के इस्तीफे के बावजूद वह गोवा में वैकल्पिक सरकार बनाने का अपना प्रयास जारी रखेगी। कांग्रेस के दो विधायक सुभाष शिरोडकर और दयानंद सोप्ते ने मंगलवार को विधानसभा और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। वे राज्य में गठबंधन सरकार चला रही भाजपा में शामिल हो सकते हैं। इस्तीफा के कारण 40 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस सदस्यों की संख्या 16 से घट कर 14 हो गई है। हालांकि, कांग्रेस ने अपना साहसिक रुख दिखाते हुये कहा कि दो इस्तीफे मुख्य विपक्षी पार्टी के लिए एक झटका नहीं है।
गोवा कांग्रेस के प्रवक्ता नीलकांठ हलारनकर ने ‘पीटीआई भाषा’ को बताया, ‘‘यह कांग्रेस के लिए एक झटका नहीं है। भले ही हमारे दो सदस्य कम हो गये हैं लेकिन राज्य में सरकार बनाने के लिए हमारा प्रयास जारी रहेगा।’’ हलारनकर ने बताया कि उनके पार्टी के विधायक एकजुट हैं और इनमें से किसी के पाला बदलने की संभावना नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘उन्होंने (भाजपा) ने हमारे दो विधायकों को तोड़ा है और हम उनके चार विधायकों को तोड़ेंगे।’’ हालांकि उन्होंने कांग्रेस में आने के लिए तैयार विधायकों के नाम का खुलासा नहीं किया।


Download Android App
Download iOS App



