नई दिल्ली : दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष शीला दीक्षित का किराड़ी जिला में कांग्रेस द्वारा जिला अध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार के नेतृत्व में आयोजित एक विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन में भव्य स्वागत किया गया। इस मौके पर शीला दीक्षित ने कहा कि सम्मेलन में आपकी विशाल उपस्थिति दर्शाती है कि दिल्ली में कांग्रेस एक बार फिर अपने स्वर्णिम इतिहास को दोहराने जा रही है।
आज अपनी दिल्ली की बदहाली पर हम सबको बहुत अफसोस होता है कि हमारी दिल्ली 2013 के बाद बर्बादी की राह पर लगातार फिसलती जा रही है। दिल्लीवासियों ने केवल और केवल बदलाव की चाह में आम आदमी पार्टी को दिल्ली विधानसभा में अभूतपूर्व सफलता प्रदान करी इस उम्मीद पर कि वह अपने दावों और वायदो को गंभीरता से लेते हुए दिल्ली को और तीव्र गति से विकास की राह पर आगे बढ़ाएगी, मगर हुआ इससे उल्टा और दिल्लीवासी आप पार्टी और भाजपा के झगड़ों के बीच ही फंसे रह गये।
शीला दीक्षित ने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस की सरकार के कार्यकाल में हमने आपके क्षेत्र के महर्षि बाल्मीकि अस्पताल में आई.सी.यू. और प्रसूति वार्ड की स्थापना की थी, मगर आज दोनों ही बंद पड़े है। अस्पतालों में डाक्टरों की कमी है और इस स्थिति में क्षेत्र के निवासियों को इलाज के लिए भयंकर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बवाना इंडस्ट्रीयल एरिया जिसकी स्थापना कांग्रेस सरकार ने एक मॉडल औद्योगिक क्षेत्र के रुप में की थी वहां आज आम आदमी पार्टी की दिल्ली सरकार की नाकामियों की वजह से उद्योग भयावह स्थिति का सामना करने को मजबूर हैं।
वहां कारखाना मालिकों को नित नये नियमों का हवाला देते हुए डराया और धमकाया जा रहा है और उनसे गैर कानूनी उगाही की सूचनाऐं प्राप्त होती रहती है। सीलिंग की जबरदस्त मार से लोग परेशान हैं गोवों में भी सीलिंग हो रही है रोजगार ठप हो रहे हैं बेरोजगारी बढ़ रही है लोग हताश हैं लेकिन दोनों सरकारें चुप्पी साधे बैठी हैं। इस मौके पर कार्यकारी अध्यक्ष हारून युसूफ व राजेश लिलोठिया के अतिरिक्त कांग्रेसी नेता जगप्रवेश भी मौजूद थे।


Download Android App
Download iOS App



