मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे दिल्ली के आगामी विधानसभा चुनाव को एक और ‘‘स्वतंत्रता संग्राम’’ मानें। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ‘ देश में वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य में उम्मीद की एकमात्र किरण है।’
पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करने के साथ ही आगामी चुनाव की तैयारियों की शुरुआत करने वाले केजरीवाल ने कहा कि उन्हें राष्ट्रीय राजधानी की सभी 70 सीटों पर जीत हासिल करनी है।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे आगामी विधानसभा चुनावों को एक और ‘स्वतंत्रता संग्राम’ मानें। केजरीवाल ने कार्यकर्ताओं से कहा, ‘आगामी विधानसभा चुनाव आम आदमी पार्टी (आप) या केजरीवाल के लिये न लड़ें। इन चुनावों को एक स्वतंत्रता संग्राम की भावना के साथ लड़ें क्योंकि आप देश में वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य में उम्मीद की एकमात्र किरण है।’
केजरीवाल ने द्वारका में एक सभा में कहा, ‘अगर हम चुनाव हार गए तो लोगों को मिलने वाले सभी लाभ वापस ले लिये जाएंगे।’ केजरीवाल ने अन्ना हजारे का हवाला देते हुए कहा कि भ्रष्टाचार विरोधी लड़ाई के अगुवा कहा करते थे कि निजी हमलों से परेशान होने की जरूरत नहीं है।’
उन्होंने कहा, ‘अगर मुझे इस बात की चिंता होने लगी कि विपक्ष मेरे बारे में क्या कहता है तो मैं 24 घंटे में अवसाद में चला जाऊंगा। व्यक्तिगत हमलों से घबराएं नहीं बल्कि यह सुनिश्चित करें कि आप किसी भी कीमत पर देश के सम्मान की रक्षा करें।’


Download Android App
Download iOS App



