दिल्ली के कल्याणपुरी इलाके में एक कांस्टेबल ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी स्कूटी से फरार हो गया, जिसके तलाश में पुलिस जुटी हुई है। घायल महिला को एक ऑटो चालक ने तुरंत लाल बहादुर शास्त्री (एलबीएस) अस्पताल पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि आरोपी दिल्ली पुलिस के एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (AATS) के पद पर तैनात था।
बीच सड़क पत्नी को मारी गोली
जानकारी के अनुसार कांस्टेबल की पत्नी प्रियंका (26) एक प्राइवेट स्कूल में टीचर थीं। शुरुआती जांच में सामने आया कि तड़के सुबह दोनों स्कूटी से घर से निकले। दोनों के बीच विवाद चल रह था, एलबीएस अस्पताल के पास पहुंचने के बाद दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। दोनों स्कूटी से उतरे, धीरे-धीरे विवाद इतना बढ़ा कि कांस्टेबल मनीष भाटी ने अपनी पत्नी को गोली मार दी। पत्नी को घायल हालत में छोड़, वह स्कूटी से फरार हो गया।
डिलीवरी बॉय ने घायल महिला को पहुंचाया अस्पताल
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इस दौरान वहां से एक डिलीवरी बॉय गुजर रहा था, उसने घायल महिला को तुरंत एलबीएस अस्पताल पहुंचाने में मदद की। लेकिन डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस घटनास्थल के आस-पास लगे CCTV फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी चल रही है। फ़िलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह जानने की कोशिश कर रही है। माना जा रहा है कि घटना के पीछे घरेलू विवाद भी हो सकता है। हालांकि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।


Download Android App
Download iOS App




