रांची : मुख्यमंत्री रघुवर दास ने केंद्रीय पथ परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर राज्य में चल रही सड़क परियोजनाओं तथा साहिबगंज में गंगा के पुल का कार्य शीघ्र पूरा करने की मांग की। सरकार की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मुख्यमंत्री रघुवर दास ने आज नयी दिल्ली में केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर यह मांग की। इस मुलाकात में राज्य में चल रहे राष्ट्रीय राज्य मार्गो के कार्यों और नई परियोजनाओं पर विचार विमर्श किया गया।
जिसके अंतर्गत पथ परिवहन मंत्री गडकरी ने आश्वासन दिया कि साहेबगंज में बनने वाले गंगा पुल का निर्माण अति शीघ्र ही शुरू करा दिया जायेगा। इससे जुड़ी सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। रांची जमशेदपुर सड़क एनएच-33 के निर्माण की भी समीक्षा की गई। केंद्रीय मंत्री ने कहा की इस सड़क निर्माण को लेकर कोई मोहलत नहीं दी जाएगी। जल्द ही केंद्र सरकार इस पर ठोस निर्णय लेगी।
बैठक में मंत्रालय के अलावा एनएचआई और परियोजना से जुड़े बैंक के पदाधिकारी भी शामिल थे।
पथ परिवहन मंत्री के साथ हुई बैठक में नगड़ी में बन रहे फ्लाई ओवर के सुस्त निर्माण पर भी चर्चा की गयी। उसमें फ्लाई ओवर निर्माण को गति देने के उद्देश्य से एनएचआई को इसका निर्माण पूरा करने का निर्देश दिया गया। साथ ही कचहरी चौक से पिस्का मोड़ तक बनने वाले तीन लेन के एलिवेटेड रोड के बारे में बताया गया की टेंडर निकालने के पहले की सारी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री रघुवर दास ने केंद्रीय मंत्री से राज्य में मार्गो के विशाल जाल को और अधिक सुदृढ़ करने की प्रक्रिया में 1000 किलोमीटर सड़क निर्माण का अनुरोध किया। जिसमे केंद्रीय मंत्री ने इस बिंदु पर डीपीआर उपलब्ध कराने का आदेश दिया है। बैठक में एनएच 75 (कुडू से मुरी सेमर) की 206 किलोमीटर की परियोजना पर भी चर्चा की गई। साथ ही इसके निर्माण को जल्द शुरू करने के प्रयास पर सहमति बनी।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



