रोहिणी जेल के बाद उत्तर-पूर्वी दिल्ली की मंडोली जेल के एक अधिकारी में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। डिप्टी सुपरिटेंडेंट के पद पर तैनात अधिकारी बुखार के चलते 11 मई से छुट्टी पर थे। जब उन्होंने खुद की कोरोना जांच कराई और बुधवार को उनकी रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि हुई।
इसके बाद से उनके संपर्क में आए सभी लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। जेल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘अधिकारी 11 मई से छुट्टी पर थे क्योंकि उन्हें बुखार था। उन्होंने गंगा राम अस्पताल में कोरोना वायरस की खुद जांच कराई और बुधवार को उनकी रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि हुई।’’
दिल्ली में कोरोना के 571 नए मामलों की पुष्टि, संक्रमितों की संख्या 12 हजार के करीब पहुंची
उन्होंने बताया कि उपाधीक्षक सराय रोहिल्ला में रहते हैं और वर्तमान में होम क्वारंटाइन में हैं। उनके संपर्क में आने वाले लोगों का पता लगाया जा रहा है। इससे पहले, रोहिणी जेल के सहायक अधीक्षक को कोरोना से संक्रमित पाया गया था, जिसके कुछ दिन पहले जेल के 15 कैदियों और एक कर्मी को संक्रमित पाया गया था।
इसके बाद से अधिकारी ज्यादा सतर्कता बरत रहे हैं। दिल्ली में तीन जेल-तिहाड़, रोहिणी और मंडोली हैं और सभी जेलों में मानक परिचालन प्रक्रिया (एसओपी) का पालन किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार किसी नये कैदी की पहले थर्मल जांच होती है जिसके बाद नियमित मेडिकल जांच होती है।
उसे 14 दिन सबसे अलग रखने के बाद बैरक में भेजा जाता है। कैदियों के लिए मास्क पहनना अनिवार्य है, बार-बार मेडिकल स्क्रीनिंग की जा रही है और इस समय उनकी परिवार के सदस्यों से मुलाकात तथा अदालतों में पेशी निलंबित कर दी गयी है।


Download Android App
Download iOS App



