कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए दिल्ली मेट्रो ने बड़ा कदम उठाया है। दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने बताया कि रविवार को पूरी तरह से मेट्रो बंद होने के बाद सोमवार यानी 23 मार्च को मेट्रो सुबह 6 बजे से 8 बजे तक सिर्फ आवश्यक सेवाओं वाले कर्मचारी सुरक्षा कर्मियों को अपना पहचान पत्र दिखाकर मेट्रो से यात्रा कर सकेंगे। वहीं, 8 बजे से 10 बजे के दौरान आम लोगों के लिए मेट्रो सेवा उपल्बध रहेगी और इस दौरान किसी को अपना पहचान पत्र दिखाने की जरूरत नहीं होगी।
वहीं, शाम को 4 बजे से 8 बजे तक सभी लाइनों पर आम लोग मेट्रो का सफर कर सकेंगे तथा इस दौरान ट्रेनें सामान्य अंतराल पर चलेंगी। मेट्रो की सभी लाइनों पर रात 8 बजे के बाद कोई ट्रेन नहीं चलेगी। इसके अलावा सोमवार को सभी मेट्रो स्टेशनों पर पार्किंग की सुविधा भी बंद रहेंगी। इस योजना का उद्देश्य सभी यात्रियों को सुविधा के साथ कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाने के लिए सामाजिक दूरी बनाए रखने के विचार को बढ़वा देना है।
डीएमआरसी के मुताबिक कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप को फैलने से रोकने के लिए जहां मॉलों, रेस्टोरेंट और बड़े-बड़े बाजार को बंद कर दिया गया है वहीं, यात्रियों की जिम्मेदारी बनती है कि कोरोना से निपटने के लिए दिल्ली मेट्रो रेल निगम का सहयोग कर इसके सहभागी बने। मेट्रो में यह संशोधन केवल सोमवार को प्रभावी रहेगा।


Download Android App
Download iOS App



