प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को प्रवासियों से अपील की कि वे जहां भी हैं वहीं रहें और कोरोना वायरस के कारण अपने घरों के लिए रेलगाड़ी या बस से यात्रा नहीं करें।
उन्होंने लोगों को यात्रा के प्रति चेताते हुए कहा कि वे अपने स्वास्थ्य से खिलवाड़ कर रहे हैं और अपने परिवार को भी खतरे में डाल रहे हैं।
मोदी की ट्विटर पर यह अपील तब आई है जब इस तरह की खबरें आ रही हैं कि जिन बड़े शहरों में कोरोना वायरस फैला है वहां से प्रवासी अपने घरों को लौट रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर यात्रा करने से इसके प्रसार का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि आप जिन स्थानों पर जाएंगे वहां के लोगों के लिए भी खतरा बढ़ जाएगा।
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘मेरी आपसे अपील है कि आप उसी शहर में कुछ दिनों तक रहें जहां आप अभी हैं। हम सब ऐसा कर इस बीमारी को फैलने से रोक सकते हैं। रेलवे स्टेशनों और बस स्टैंडों पर भीड़ लगाकर हम अपने स्वास्थ्य से खिलवाड़ कर रहे हैं। कृपया अपने स्वास्थ्य और अपने परिवार के बारे में चिंता करें। जरूरत नहीं हो तो घर से बाहर नहीं निकलें।’’


Download Android App
Download iOS App



