दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने गुरुवार को कहा कि दिल्ली सरकार ने केंद्र सरकार को पत्र लिखकर कहा कि उसके पास अतिरिक्त ऑक्सीजन है और इसे दूसरे राज्यों को भी दिया जा सकता है। उन्होंने कोरोना वायरस के मामले बढ़ने के कारण परेशानी में फंसे दिल्ली के लोगों की मदद के लिए आगे आने के लिए केंद्र और दिल्ली उच्च न्यायालय का भी आभार जताया।उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि दिल्ली में 24 घंटों में कोविड-19 के 10,400 नए मामले आए और संक्रमण दर 14 प्रतिशत है।
मनीष सिसोदिया ने कहा कि जब कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ रहे थे तो राष्ट्रीय राजधानी को 700 मीट्रिक टन की ऑक्सीजन की आवश्यकता थी लेकिन अब मामलों में गिरावट आने लग गई है जिससे ऑक्सीजन आवश्यकता घटकर 582 मीट्रिक टन रह गई है। उपमुख्यमंत्री ने कहा,‘‘हमने अतिरिक्त ऑक्सीजन दूसरे राज्यों को देने के लिए केंद्र को पत्र लिखा है। हमारी एक जिम्मेदार सरकार है।’’ मनीष सिसोदिया ने कहा कि 15-20 दिन पहले तक दिल्ली में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे थे और पॉजिटिविटी रेट 35 प्रतिशत तक पहुंच गया था जबकि रोजाना नए मरीजों की संख्या 28 हजार तक पहुंच गई थी।
लेकिन अब रोजाना आने वाले नए मरीजों की संख्या 10400 के करीब रह गई है जिस वजह से ऑक्सीजन की जरूरत घटी है। अब शायद ही किसी अस्पताल से ऑक्सीजन के लिए SOS आता है। बता दें की देश में कोविड-19 के 3,62,727 नये मामले सामने आने के बाद संक्रमण के कुल मामले 2,37,03,665 हो गए हैं जबकि कोरोना वायरस संक्रमण से 4,120 लोगों की मौत होने के बाद मृतक संख्या 2,58,317 पर पहुंच गई है।


Download Android App
Download iOS App



