Delhi Crime News : दिल्ली के टिकरी कलां इलाके में सीएनजी फिलिंग स्टेशन पर बुधवार शाम ट्रक में गैस भरने के दौरान सीएनजी सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया। इस हादसे में कथित तौर पर सीएनजी पंप पर काम करने वाले तीन कर्मचारियों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
डीसीपी (आउटर) विजय कुमार ने बताया कि मृतकों की पहचान मनीष (25), ब्रह्मजीत (34) और सन्नी (30) के तौर पर हुई है। वहीं, इस हादसे में सुरजीत, संजय और विपिन घायल हुए हैं। तीनों को मुडका के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में भेज दिया है। फिलहाल पुलिस हादसे के सही कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। पुलिस के मुताबिक इस हादसे में ट्रक के अलावा तीन अन्य वाहन तथा फिलिंग स्टेशन की मशीनें क्षतिग्रस्त हुई हैं। इस हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई थी।
डीसीपी ने बताया कि घटना बुधवार शाम की है। दिल्ली पुलिस की क्राइम टीम और एफएसएल की टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं। मुंडका थाना पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। पुलिस सीएनजी पंप पर लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।



Download Android App
Download iOS App




