नई दिल्ली : दिल्ली की अनधिकृत कॉलोनियों के नक्शे दिल्ली सरकार को तैयार करवाने थे लेकिन उन्होंने यह काम नहीं किया। अब नक्शे तैयार करने जिम्मेदारी दिल्ली विकास प्राधिकरण संभाल रहा है। यह कहना है केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी का। अनधिकृत कॉलोनियों को लेकर दिल्ली सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने ट्वीट कर कहा कि 1731 कच्ची कॉलिनियों के नक्शे दिल्ली सरकार को बनाने थे।
जब वो ऐसा नहीं कर पाए तो ये काम डीडीए को सौंपा गया। अब 1100 कॉलिनियों के नक्शे तैयार हैं। 500 नक्शे आरडब्ल्यूए के सुझावों के लिए पोर्टल पर अपलोड कर दिए गए हैं। बाक़ी नक्शे कुछ ही दिनों में अपलोड कर दिए जाएंगे। वहीं इस संबंध में डीडीए के अन्य अधिकारी ने बताया कि सोमवार तक 800 अनधिकृत कॉलोनियों के नक्शे तैयार हो गए थे। मंगलवार तक इनमें 300 अनधिकृत कॉलोनियां और जुड़ गई हैं।
उन्होंने कहा कि 631 कॉलोनियां और बची हुई हैं। हमें उम्मीद है कि इस सप्ताह सभी कॉलोनियों के नक्शे तैयार कर डीडीए की वेबसाइट पर अपलोड कर दिए जाएंगे और इस माह में सभी कॉलोनियों के नक्शे पर लोगों के सुझाव व बदलाव की मांग भी आ जाएगी। उन मांगों व सुझावों के आधार पर जो जरूरी बदलाव करने होंगे वह भी कर दिए जाएंगे। अधिकारी ने कहा कि हमें उम्मीद है कि इस माह में सभी कॉलोनियों को लेकर काम पूरा हो जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



