नई दिल्ली : दिल्ली की अनधिकृत कॉलोनियों के मुद्दे पर दिल्ली कांग्रेस ने मंगलवार को धारा 7ए को निरस्त करने की मांग को लेकर प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा के नेतृत्व में केन्द्रीय शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी के निर्माण भवन स्थित कार्यालय का घेराव किया। इस बीच प्रदर्शनकारियों की पुलिस से भी झड़पें हुईं। बाद में पुलिस ने कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को डिटेन भी कर लिया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के अलावा दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों के अलावा अनधिकृत कॉलोनियों के भारी संख्या में लोग ‘धारा 7ए दिखावा है, जनता से छलावा है’, ‘अनाधिकृत कॉलोनियों ने पुकारा है, 7ए धारा नकारा है’, ‘इंदिरा जी ने कॉलोनियों को दिया अधिकार, वही चाहिए आज आधार‘, ‘मालिकाना अधिकार धोखा है, सरकार बदल दो, मौका है‘, के नारे लगा रहे थे।
प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा ने कहा कि केन्द्र की भाजपा सरकार व केजरीवाल की मिलीभगत से दिल्ली की अनधिकृत कॉलोनियों को उजाड़ने की नाकाम साजिश की जा रही है। केन्द्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने स्वयं यह माना है कि धारा 7ए के कारण 9 प्रतिशत कॉलोनियां नियमन से बाहर रह गई है।
इस मौके पर पूर्व सांसद जेपी अग्रवाल, कीर्ति आजाद व दिल्ली सरकार में मंत्री रहे अरविंदर सिंह लवली ने भी लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि दिल्ली की अनधिकृत कालोनियों के निवासियों पर 7ए की नंगी तलवार लटक रही है और भाजपा व आप पार्टी अनधिकृत कालोनियों के नाम पर आपस में नूरा कुश्ती में व्यस्त है।


Download Android App
Download iOS App



