Delhi Air Quality : दिल्लीवालों को प्रदूषण से राहत नहीं, बेहद खराब स्तर तक पहुंचा AQI

Summary :

दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) बेहद गंभीर श्रेणी में बना हुआ है। आज कम विजिबिलिटी और ‘बहुत खराब’ श्रेणी के तहत समग्र एक्यूआई 390 रहा।

दिल्लीवासियों को दिवाली के बाद से प्रदूषण से राहत नहीं मिल रही। पिछले कई दिनों से राजधानी की आवो-हवा गंभीर बनी हुई है। शुक्रवार को कम विजिबिलिटी और ‘बहुत खराब’ श्रेणी के तहत समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 390 रहा। वहीं राजधानी में हल्के कोहरे के साथ तापमान में भी गिरावट दर्ज हुई।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार दिन का अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 26 और 13 डिग्री सेल्सियस रहेगा। 17 नवंबर से न्यूनतम तापमान 10 डिग्री तक गिरने की संभावना है। सुबह 8.30 बजे सापेक्षिक आद्र्रता 93 प्रतिशत आंकी गई है।
सिस्टम ऑफ एयर क्वालिटी एंड वेदर फोरकास्टिंग एंड रिसर्च (SAFAR) के मुताबिक, सुबह नौ बजे हवा में पीएम 10 और पीएम 2.5 प्रदूषकों का स्तर 167 और 90 दर्ज किया गया। गुरुवार को, दिल्ली ने 24 घंटे का एक्यूआई 411 दर्ज किया है। राष्ट्रीय राजधानी के 39 वायु गुणवत्ता निगरानी स्टेशनों में से अधिकांश ने वायु प्रदूषण का स्तर ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज किया है।
SAFAR ने कहा कि अगले दो दिनों तक इसके ‘बेहद खराब’ से ‘गंभीर’ श्रेणी में रहने की संभावना है। वायु प्रदूषण की समस्या पर अंकुश लगाने के लिए, दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने गुरुवार को केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव को पत्र लिखकर पराली जलाने के मुद्दे पर राष्ट्रीय राजधानी के पड़ोसी राज्यों की बैठक बुलाने के लिए कहा है, ताकि नागरिकों के जीवन को सुरक्षित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा सकें।

Desk Team