Delhi: मयूर विहार फेस 3 में ASI ने की आत्महत्या, पुलिस मामले की जांच में जुटी

Summary :

दिल्ली पुलिस ASI की आत्महत्या, फॉरेंसिक टीम ने सबूत जुटाए

दिल्ली के मयूर विहार फेस 3 में एएसआई ललित सिरोही ने आत्महत्या कर ली, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं। ललित की पत्नी ने उन्हें खून से लथपथ पाया और पिस्टल भी पास में थी। पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में लगी है।

पूर्वी दिल्ली के जी. डी. कॉलोनी मयूर विहार फेस 3 से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आ रही है। यहां दिल्ली पुलिस के एएसआई ललित सिरोही ने आत्महत्या कर ली। इस खबर ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। न्यूज एजेंसी आईएएनएस की रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली के नॉर्थ-ईस्ट जिले के न्यू उस्मानपुर थाने में तैनात एएसआई ललित सिरोही ने आत्महत्या कर ली है। वह फ्लैट नंबर 21, जी. डी. कॉलोनी, मयूर विहार फेस 3 में अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ किराए पर रह रहे थे। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। सुबह में ललित सिरोही की पत्नी अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने गई हुई थी। जब वह घर लौटीं तो अपने पति को खून से लथपथ पाया। उनकी बॉडी के पास सरकारी पिस्टल पड़ा हुआ था। उन्हें लाल बहादुर शास्त्री हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित किया गया। कमरा बंद होने की वजह से घटना स्थल की जांच नहीं हो सकी है। पिस्टल को भी वेरिफाई नहीं किया जा सका है।

फर्जी पुलिस बनकर वीडियो कॉल पर डिजिटल अरेस्ट, सेवानिवृत्त अधिकारी से ठग लिए 77 लाख रुपए

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस फॉरेंसिक टीम वहां पहुंच गई और पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस की टीम आगे की जांच में जुट गई है, अभी खुदकुशी के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

फॉरेंसिक की टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं और कमरे को पूरी तरह से सील कर दिया है। वहीं पुलिस की टीम घटनास्थल पर अन्य चीजों की जांच कर रही है। पुलिस यह भी तलाश कर रही है कि वहां कोई सुसाइड नोट है या नहीं। मृतक ललित सिरोही के परिवार से भी पूछताछ की जा रही है। इसके साथ ही पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार कर रही है। जानकारी के मुताबिक, ललित सिरोही पिछले 2-3 साल से मानसिक तनाव से गुजर रहे थे।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.