DU परिसर में भी खुलेगा ‘अटल कैंटीन’, छात्रों को मिलेगा मात्र पांच रुपए में भोजन

Summary :

Delhi : दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के विद्यार्थियों को 16 अगस्त से बड़ी राहत मिलने जा रही है। विश्वविद्यालय परिसर में ‘अटल कैंटीन’ की शुरुआत होगी, जहां छात्रों को मात्र पांच रुपये में पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही छात्रों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए जल्द ही 50 नए ‘यू-स्पेशल’ बस रूट भी शुरू किए जाएंगे। सरकार का कहना है कि इन पहलों का उद्देश्य विद्यार्थियों पर आर्थिक बोझ कम करना और दिल्ली को विश्वस्तरीय शिक्षा केंद्र के रूप में विकसित करना है। दरअसल डीयू के शहीद भगत सिंह कॉलेज के हीरक जयंती समारोह के सिंहावलोकन कार्यक्रम…

Delhi : दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के विद्यार्थियों को 16 अगस्त से बड़ी राहत मिलने जा रही है। विश्वविद्यालय परिसर में ‘अटल कैंटीन’ की शुरुआत होगी, जहां छात्रों को मात्र पांच रुपये में पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही छात्रों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए जल्द ही 50 नए ‘यू-स्पेशल’ बस रूट भी शुरू किए जाएंगे।

सरकार का कहना है कि इन पहलों का उद्देश्य विद्यार्थियों पर आर्थिक बोझ कम करना और दिल्ली को विश्वस्तरीय शिक्षा केंद्र के रूप में विकसित करना है।

दरअसल डीयू के शहीद भगत सिंह कॉलेज के हीरक जयंती समारोह के सिंहावलोकन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि देशभक्ति का अर्थ समझने वाले लोग ही देश को आगे ले जा सकते हैं और यह ”विकसित भारत” के दृष्टिकोण में योगदान देगा।

उन्होंने गुरुवार को कहा कि स्कूली बच्चों में ”राष्ट्र देवो भव” की भावना पैदा किया जाना चाहिए ताकि वे इसे उच्च शिक्षा में आगे लेकर जा सकें और विकसित भारत के निर्माण में योगदान दे सकें। राष्ट्रीय राजधानी में शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के बारे में गुप्ता ने कहा कि हमें अवसर विकसित करने होंगे, ताकि छात्रों को देश के भीतर अच्छी शिक्षा मिल सके और दिल्ली इसका केंद्र बन सके।

हम दिल्ली को शिक्षा के एक केंद्र के रूप में विकसित करने पर विचार कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि 60 वर्षों से यह कॉलेज गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन और ‘राष्ट्र प्रथम’ के संस्कारों के साथ राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

उन्होंने कहा कि इस गौरवशाली यात्रा के लिए पूरे कॉलेज परिवार, प्राचार्य, शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और पूर्व छात्रों को हार्दिक बधाई। इस कार्यक्रम में डीयू के कुलपति योगेश सिंह, कॉलेज के डीन बलराम पाणि, कुलसचिव विकास गुप्ता और शहीद भगत सिंह कॉलेज के प्राचार्य अरुण कुमार अत्री उपस्थित थे।

स्वतंत्रता सेनानी शहीद भगत सिंह का जिक्र करते हुए कुलपति ने कहा कि इतिहास उन्हें याद रखता है जो केवल अपने लिए नहीं बल्कि देश के लिए भविष्य का निर्माण करते हैं। भगत सिंह के आदर्श कॉलेज की ताकत बने रहेंगे। सिंह ने छात्रों से समाज में योगदान देने का आग्रह करते हुए कहा कि वे रोजगार देने वाले बनें।

यह भी पढ़ें : भलस्वा के EWS फ्लैट जल्द होंगे तैयार, गरीबों को मिलेगा सम्मानजनक आवास : आशीष सूद

Avinay