सीलिंग के विरोध में आज से दिल्ली बंद

Summary :

NULL

नई दिल्ली : राजधानी में जारी सीलिंग के विरोध में दिल्ली के व्यापारी 48-72 घंटों का व्यापार बंद रखेंगे। यदि इसके बाद भी सीलिंग नहीं रुकी तो भविष्य में भी दिल्ली बंद जारी रहेगा। इस संबंध में व्यापारियों के संगठन चैम्बर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री ( सीटीआई ) ने कहा कि सीलिंग से व्यापारी परेशान हो गए हैं। इसके विरोध में शुक्रवार से 72 घंटों का दिल्ली बंद किया जाएगा। सीटीआई के संयोजक बृजेश गोयल ने कहा कि कहा कि 2 से 4 फरवरी तक दिल्ली की करीब आठ लाख दुकानें और 1.5 लाख फैक्ट्रियां पूरी तरह से बंद रहेंगी।

इस बंद को 750 व्यापारिक संगठनों व 20 से अधिक इंडस्ट्रियल एरिया ने समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली बंद में चांदनी चौक, सदर बाजार, चावड़ी बाजार, खारी बावली, नया बाजार, भागीरथ प्लेस, कनॉट प्लेस, लाजपत राय मार्केट समेत दिल्ली के तमाम छोटे बड़े बाजार सीलिंग का विरोध करेंगे।

वहीं सीटीआई के वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने बताया कि शुक्रवार को सभी व्यापारी कश्मीरी गेट एवं टाउन हाॅल चांदनी चौक पर, तीन फरवरी को सदर बाजार पर एकत्रित होकर धरना देंगे। वहीं चार फरवरी को सभी व्यापारी महात्मा गांधी की समाधि पर जाकर प्रार्थना करेंगे। उन्होंने कहा कि पिछले पिछले एक महीने में हम एमसीडी , दिल्ली सरकार और सुप्रीम कोर्ट की माॅनिटरिंग कमेटी से भी मिल चुके हैं लेकिन इस समस्या का समाधान नहीं निकल पाया है।

48 घंटे दिल्ली बंद…​कंफेडरेशन ऑफ आल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के आह्वान पर सीलिंग के विरोध में व्यापारियों ने दिल्ली व्यापार बंद रखने की घोषणा की है। सीलिंग के खिलाफ शुक्रवार से 48 घंटे का दिल्ली व्यापार बंद रहेगा। कैट के महामंत्री प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि व्यापारी सीलिंग के खिलाफ विभिन्न बाजारों में विरोध मार्च निकालेंगे। शुक्रवार को करोल बाग में बिकानेर वाला चौक पर मार्च निकाला जाएगा।

आप करेगी एलजी हाउस पर प्रदर्शन
दिल्ली में सीलिंग के विरोध में आम आदमी पार्टी ने शुक्रवार से दिल्ली बंद का समर्थन करने का निर्णय लिया है। पार्टी का कहना है कि वह सीलिंग के विरोध में शुक्रवार सुबह उपराज्यपाल आवास पर प्रदर्शन करेेगी। इस दौरान आप के सांसद, विधायक, पार्षद और कार्यकर्ता प्रदर्शन कर सीलिंग रोकने के लिए डीडीए की बैठक में उन फैसलों को लेने की मांग रखेंगे जिससे व्यापारियों को राहत मिल सकें। इस संबंध में डीडीए के सदस्य सोमनाथ भारती ने कहा कि शुक्रवार को होने वाली बैठक में व्यापारियों के हक में आवाज उठाएंगे।

हमारी मांग है कि बैठक में उपराज्यपाल अनिल बैजल वो सारे बदलाव दिल्ली के मास्टर प्लान में करवाएं जिनकी सलाह मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने 25 जनवरी को अपने ख़त में की थी। दिल्ली में ‘ई’,’एफ़’ और ‘जी’ कैटेगरी में सीलिंग चल रही है। इन्हें व्यवसायिक कैटेगरी में डालना चाहिए। वहीं एमसीडी द्वारा वर्ष 2006-2007 में जो फ़ैसला लिया था जिसके तहत पैडिसटेरियन शॉपिंग स्ट्रीट को व्यवसायिक श्रेणी में डाला जाए।

हमारी मुख्य खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।

Desk Team