बाथरूम में अचेत मिला छात्र मौत या हत्या राज बरकरार

Summary :

NULL

पूर्वी दिल्ली : राजधानी दिल्ली में स्कूल के अंदर छात्रों की मौत होने के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला करावल नगर इलाके से सामने आया है। जहां एक निजी स्कूल में गुरुवार सुबह संदिग्ध हालात में नौंवीं कक्षा का छात्र बाथरूम में अचेत मिला। स्कूल प्रशासन तुषार (16) को जीटीबी अस्पताल ले गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इधर, छात्र के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि स्कूल में उसकी हत्या की गई है। कुछ अन्य छात्रों ने झगड़े के दौरान उसे पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। हालांकि स्कूल प्रशासन का कहना है कि बीमारी के चलते उसकी मौत हुई है।

डिस्ट्रिक्ट के डीसीपी डॉ. अजित कुमार ​सिंगला का कहना है कि छात्र के शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी मोर्चरी भेज दिया है। शुक्रवार को मेडिकल बोर्ड से उसके शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। खजूरी खास पुलिस स्कूल स्टॉफ व छात्र की कक्षा में पढ़ने वाले छात्रों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, तुषार परिवार सहित करावल नगर के तुकमीरपुर इलाके में रहता था। इसके परिवार में पिता सुनील कुमार और मां निशा है। पिता एमसीडी में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं। तुषार सादत नगर स्थित जीवन ज्योति पब्लिक स्कूल में नौंवीं कक्षा का छात्र था। रोज की तरह गुरुवार सुबह स्कूल गया था। सुबह करीब साढ़े दस बजे छात्रों ने उसे स्कूल के बाथरूम में पड़ा देखा। फौरन मामले की सूचना शिक्षकों व प्रिंसिपल को दी गई।

टीचर तुषार को उठाकर नजदीकी अस्पताल, वहां से जीटीबी अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जीटीबी अस्पताल से टीचर्स ने परिजनों को तुषार की तबीयत खराब होन की सूचना दी। अस्पताल पहुंचने पर पता चला कि उसकी मौत हो चुकी थी। स्कूल प्रशासन ने बताया कि तुषार को दस्त हो रहे थे, जिसकी वजह से उसकी मौत हो गई। इधर स्कूल पहुंचने पर तुषार केे की क्लास में पढ़ने वाले लड़कों ने परिवार को बुताया कि उसका कुछ लड़कों से झगड़ा हो गया था। इन लोगों ने उसकी बुरी तरह पिटाई कर दी, जिसकी वजह से उसकी मौत हो गई। स्कूल प्रशासन किसी भी झगड़े और उससे की मौत की बात से इंकार कर रहा है।

अधिक जानकारियों के लिए बने रहिये पंजाब केसरी के साथ।

Desk Team