Delhi : दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की शुरुआत के साथ ही मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को अपना और अपने परिवार का गणना फॉर्म जमा किया। इस अवसर पर उन्होंने राजधानी के सभी पात्र मतदाताओं से निर्धारित समय सीमा के भीतर सही जानकारी के साथ फॉर्म भरकर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) को सौंपने की अपील की।
मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, रेखा गुप्ता ने स्वयं प्रक्रिया पूरी कर मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में जनभागीदारी का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि यह अभियान यह सुनिश्चित करेगा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे और कोई अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो।
30 जून से 29 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर गणना फॉर्म करेंगे वितरित
30 जून से 29 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर गणना फॉर्म वितरित करेंगे और भरे हुए फॉर्म एकत्र करेंगे। यदि किसी घर पर ताला बंद मिलता है तो बीएलओ फॉर्म छोड़ने के साथ कम से कम तीन बार पुनः संपर्क करेगा। मतदाता सेवा पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन भी फॉर्म जमा किए जा सकते हैं। इसके अलावा हेल्पलाइन 1950, ‘बुक-ए-कॉल’ सुविधा और मतदाता सहायता केंद्रों से भी मदद ली जा सकती है।
निर्वाचन आयोग के अनुसार, गणना फॉर्म के साथ किसी दस्तावेज की आवश्यकता नहीं है। पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची का प्रारूप 5 अगस्त को प्रकाशित होगा, जबकि दावे और आपत्तियां 4 सितंबर तक स्वीकार की जाएंगी। अंतिम मतदाता सूची 7 अक्टूबर को जारी होगी। वर्तमान में दिल्ली में 1.45 करोड़ से अधिक पंजीकृत मतदाता 13,033 मतदान केंद्रों पर दर्ज हैं।
यह भी पढ़ें : दिल्ली सरकार ने अधिसूचित की नई ईवी नीति, 2030 तक स्वच्छ, आधुनिक और हरित परिवहन व्यवस्था बनाने का लक्ष्य


Download Android App
Download iOS App




