Delhi : दिल्ली चिड़ियाघर में वन्यजीव प्रेमियों के लिए एक और अच्छी खबर आई है। कुछ दिन पहले एशियाई शेर के तीन शावकों के जन्म के बाद अब इंडियन कोबरा के भी तीन बच्चों का सफलतापूर्वक जन्म हुआ है। तीनों बच्चे पूरी तरह स्वस्थ हैं और उन्हें विशेषज्ञों की निगरानी में रखा गया है। चिड़ियाघर प्रशासन के अनुसार, कोबरा के अंडों को इनक्यूबेशन मशीन में सुरक्षित तापमान और नमी के बीच रखा गया था।
सफल इनक्यूबेशन के बाद 29 और 30 जून को तीनों बच्चे अंडों से बाहर निकले। जन्म के बाद से ही उनकी लगातार निगरानी की जा रही है। उनके लिए ऐसा माहौल तैयार किया गया है, जहां तापमान और नमी उनकी जरूरत के अनुसार बनी रहे, ताकि उनका विकास बेहतर तरीके से हो सके।
चिड़ियाघर के अधिकारियों का कहना है कि यह सफलता वैज्ञानिक तरीके से वन्यजीव संरक्षण और पशु प्रबंधन का नतीजा है। इंडियन कोबरा भारत के सबसे प्रमुख विषैले सांपों में से एक है और देश की जैव विविधता में इसकी अहम भूमिका है। ऐसे में नियंत्रित माहौल में इसका सफल प्रजनन संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
दिल्ली चिड़ियाघर के एनजेडपी इंटर्नशिप प्रोग्राम के तहत दो इंटर्न भी इस पूरी प्रक्रिया का अध्ययन कर रहे हैं। वे सरीसृपों के व्यवहार, अंडों के इनक्यूबेशन और बच्चों के विकास से जुड़ी जानकारी जुटा रहे हैं, जिससे भविष्य में वन्यजीव संरक्षण और वैज्ञानिक शोध को और मजबूती मिलेगी। चिड़ियाघर प्रशासन का कहना है कि उनका उद्देश्य सिर्फ वन्यजीवों को सुरक्षित रखना ही नहीं, बल्कि लोगों में उनके प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है।
मां महागौरी की ममता में सुरक्षित हैं तीनों शावक
दिल्ली चिड़ियाघर में हाल ही में एशियाई शेरनी महागौरी ने तीन स्वस्थ शावकों को जन्म दिया है। चिड़ियाघर प्रशासन के अनुसार, तीनों शावक पूरी तरह स्वस्थ, सक्रिय और सामान्य रूप से विकसित हो रहे हैं। महागौरी लगातार उन्हें दूध पिला रही है और हर पल उनकी देखभाल कर रही है। मां और शावकों पर 24 घंटे सीसीटीवी कैमरों के जरिए नजर रखी जा रही है।
साथ ही चिड़ियाघर के पशु चिकित्सकों और पशुपालकों (कीपर) की टीम नियमित रूप से उनकी सेहत, गतिविधियों और खान-पान की निगरानी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल मां और तीनों शावकों की स्थिति पूरी तरह सामान्य है। उनकी सुरक्षा और बेहतर देखभाल के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं, ताकि उनका स्वस्थ विकास सुनिश्चित किया जा सके।
यह भी पढ़ें : अयोध्या को लेकर अखिलेश यादव पर संजय निषाद का पलटवार, इकबाल अंसारी ने सरकार की तारीफ की


Download Android App
Download iOS App




