कांग्रेस की दिल्ली इकाई ने पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों में वृद्धि के मुद्दे पर बृहस्पतिवार को केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कई नेता और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने पार्टी के ‘महंगाई मुक्त भारत’ अभियान के तहत जंतर-मंतर पर धरना दिया। उन्होंने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की।

कांग्रेस के दिल्ली प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल ने कहा, ‘‘संप्रग सरकार के समय कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर से ऊपर थी, लेकिन हमने कभी भी जनता पर बोझ नहीं डाला। लेकिन इस सरकार ने पेट्रोल और डीजल के दाम को 100 रुपये प्रति लीटर तक पहुंचा दिया।

उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने उत्पाद शुल्क 500 प्रतिशत से अधिक बढ़ाया जिस कारण पेट्रोल, डीजल के दाम बढ़े हैं। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चौधरी अनिल कुमार ने कहा कि देश और दिल्ली के लोगों को महंगाई से बहुत परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन सरकार को कोई फर्क नहीं पड़ रहा है।


Download Android App
Download iOS App



