दिल्ली में कोरोना वायरस का प्रकोप जारी है। दिल्ली सरकार ने महामारी के बढ़ते मामलों के मद्देनजर मॉल, सिनेमाघरों, साप्ताहिक बाजारों, मेट्रो सेवाओं और धार्मिक स्थानों को संक्रमण फैलाने वाले सबसे संवेदनशील क्षेत्र बताते हुए सभी जिलाधिकारियों इन जगहों पर कोविड-19 संबंधी दिशा-निर्देशों को लागू करने का प्रयास तेज करने का निर्देश दिया है।
मंगलवार को जारी एक आदेश में, संभागीय आयुक्त संजीव खिरवार ने कहा कि जिन क्षेत्रों में मामले कम हैं, वहां भी गहन निगरानी की जानी चाहिए। उन्होंने उल्लेख किया कि आम तौर पर जनता के लिए जांच, निगरानी, पृथकवास, टीकाकरण और कोविड उपयुक्त व्यवहार और विशेष रूप से साप्ताहिक बाजारों, वाहनों, मॉल, सिनेमाघरों, धार्मिक और सामाजिक सभा और बैंक्वेट हॉल में जाने वाले लोगों के लिए समय-समय पर दिशानिर्देश जारी किए जाते हैं।
खिरवार ने आदेश में कहा, “साप्ताहिक बाजार, सिनेमाघर, मॉल, मेट्रो सेवा, धार्मिक स्थल आदि जैसे कई सुपरस्प्रेडर क्षेत्र हैं। सभी जिलाधिकारियों (डीएम) को इन क्षेत्रों में दिशानिर्देशों को लागू करने के अपने प्रयासों और आईईसी (सूचना, शिक्षा और संचार) अभियान को तेज करना चाहिए।” संभागीय आयुक्त ने डीएम को व्यक्तिगत रूप से इन गतिविधियों की निगरानी करने और इन प्रयासों को “सर्वोच्च प्राथमिकता”के आधार पर तेज करने के लिए कहा है। आदेश में कहा गया है कि पिछले दो हफ्तों से दिल्ली में कोरोना वायरस के मामलों में लगातार वृद्धि हुई है और संक्रमण दर भी बढ़ रही है।
उसमें कहा गया कि यह देखा गया है कि आम जनता के बीच कोविड उपयुक्त व्यवहार का पालन नहीं किया जा रहा है। मंगलवार को, दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) ने आदेश दिया था कि होली और नवरात्रि जैसे आगामी त्योहारों के लिए राष्ट्रीय राजधानी में कोई सार्वजनिक उत्सव और सभा नहीं होगी। स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि दिल्ली में मंगलवार को कोविड-19 के 1,101 नए मामले आए हैं, जो तीन महीने में सबसे अधिक हैं, जबकि चार लोगों की बीमारी से मौत हो गई। पिछले साल 24 दिसंबर के बाद यह पहली बार है जब शहर में 1,000 से अधिक कोविड-19 मामले सामने आए हैं।


Download Android App
Download iOS App



