नयी दिल्ली : दिल्ली सरकार के 1000 से ज्यादा स्कूलों में शुक्रवार को आयोजित अभिभावक शिक्षक मुलाकात (पीटीएम) कार्यक्रम में शामिल होने के लिए काफी संख्या में लोग पहुंचे।
इस कार्यक्रम का आयोजन पहले 20 अप्रैल को होना था। लेकिन भाजपा ने आम आदमी पार्टी (आप) पर यह आरोप लगाया था कि वह इन कार्यक्रमों का इस्तेमाल मतदाताओं को प्रभावित करने और आमचुनाव के दौरान इसका राजनीतिक लाभ उठाने के अवसर के रूप में कर रही है। उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और आप नेता आतिशी ने कई स्कूलों का दौरा किया तथा छात्रों एवं अभिभावकों से बातचीत की।
रमेश नगर के एक सरकारी स्कूल में पहुंची सरला ने कहा, ‘‘मैं खुश हूं कि सरकार न सिर्फ पठन-पाठन पर ध्यान दे रही है बल्कि बच्चों के अपने माता पिता और भाई बहन के साथ अच्छे व्यवहार को भी महत्व दे रही है। मेरी बेटी अब कम गुस्सैल हो गई है।’’ वहीं, तबिश मोहम्मद ने कहा, ‘‘ हमें साल के अंत में यह जानने को मिलता था कि मेरे बेटे का अकादमिक प्रदर्शन कैसा है। लेकिन अब पीटीएम से हर तिमाही उसके बारे में जानकारी मिल जाती है और इसने उसे बेहतर करने के लिए प्रेरित किया।’’
शिक्षा निदेशालय के एक अधिकारी ने बताया कि खुशी और उद्यमशीलता पाठ्यक्रम पर चर्चा के अलावा शिक्षकों को छात्रों की अनुपस्थिति और अनियमित उपस्थिति पर भी चर्चा करने को कहा गया। स्कूल के प्राचार्यों को कम अंक प्राप्त करने वाले उन छात्रों की सूची बनाने के कहा गया है जिनके अभिभावक पीटीएम में शामिल नहीं हुए।


Download Android App
Download iOS App



