Delhi Haj Committee Meeting: हज ऑपरेशन- 2026 के लिए दिल्ली से हाजियों का पहला जत्था आगामी 18 अप्रैल को आईजीआई एयरपोर्ट से मक्का के लिए रवाना होगा। ईरान- इजरायल, अमेरिका युद्ध के बीच भारत सरकार की तरफ से भारतीय हज यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को पूरी तरह से सुनिश्चित किया गया है। इसी कड़ी में आईजीआई एयरपोर्ट पर दिल्ली स्टेट हज कमेटी की चेयरपर्सन कौसर जहां के नेतृत्व में एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में दिल्ली एयरपोर्ट अथॉरिटी, दिल्ली पुलिस, सीआईएसएफ, इमिग्रेशन, कस्टम आदि संबंधित विभागों के अधिकारियों के अलावा दिल्ली स्टेट हज कमेटी के एग्जीक्यूटिव ऑफिसर अशफाक अहमद आरफी, डिप्टी एग्जीक्यूटिव ऑफिसर मोहसिन अली तथा हज कमेटी ऑफ इंडिया के लायजन ऑफिसर सुल्तान अहमद आदि उपस्थित रहे।
हज यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा का पूरा ख्याल
बैठक में हाजियों की रवानगी और वापसी के संबंध में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए तथा इस बात को सुनिश्चित किया गया कि हज यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा का पूरा ख्याल रखा जाए। साथ में उन्हें विदा करने के लिए आने वाले परिजनों व रिश्तेदारों को भी एयरपोर्ट पर किसी प्रकार की परेशानी न हो। यहां बता दें कि इस वर्ष सऊदी एयरलाइंस की कुल 54 उड़ानों के माध्यम से दिल्ली स्टेट सहित उतरी भारत के विभिन्न राज्यों के लगभग 21,100 हजयात्री मदीना मुनव्वरा और जेद्दा के रास्ते मक्का मुकर्रमा रवाना होंगे। हज यात्रा के पहले चरण में कुल 31 उड़ानों के माध्यम से 12240 हज यात्री मदीना मुनव्वरा के लिए रवाना होंगे, जबकि दूसरे चरण में कुल 23 उड़ानों से 8860 हज यात्री मक्का मुकर्रमा के लिए प्रस्थान करेंगे।
Also Read: द्वारका सब सिटी को कन्वेंशन, बिजनेस और कल्चरल एंगेजमेंट के लिए बनाया जाएगा ग्लोबल हबः एलजी























