Delhi : नई दिल्ली स्थित कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में रविवार को आयोजित रामलीला महासंघ की वार्षिक बैठक में आगामी रामलीला आयोजनों की तैयारियों व व्यवस्थाओं को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई और 11 से 21 अक्टूबर तक मनाए जाने वाले दशहरा पर्व की रणनीति तैयार की गई।
इस दौरान केंद्रीय मंत्री एवं दिल्ली प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने महासंघ के पदाधिकारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि इस बार भी रामलीला के भव्य एवं दिव्य आयोजन के लिए प्रशासन की ओर से हर तरह की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि बिना किसी व्यवधान के दिल्ली में धूमधाम व पूरे समर्पण भाव के साथ रामलीलाओं का भव्य आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में रामलीला महासंघ के अंतर्गत आयोजित होने वाली रामलीलाएं भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादाओं एवं भारतीय संस्कृति के मूल्यों को समाज तक पहुंचाने व हमारी सांस्कृतिक विरासत को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। बैठक में कमेटियों के प्रतिनिधियों ने अपनी-अपनी समस्यों से अवगत कराया।
सांसद रामवीर सिंह बिधूडी ने बताया कि रामलीलाएं हमारी संस्कृति हैं। रामलीलाओं की समस्याओं के निवारण के लिए हम सभी सांसद गृहमंत्री अमित शाह के साथ-साथ एलजी तरनजीत सिंह संधू से मिलकर समाधान करवाएंगे। सांसद कमलजीत सहरावत ने आश्वासन दिया कि रामलीला महासंघ की सभी समस्याओं का समाधान करवायेंगे।
“रामलीलाओं को नि : शुल्क बिजली की जाए प्रदान”
रामलीला महासंघ के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने कहा पिछले वर्ष दिल्ली सरकार ने रामलीला कमेटियों को 1200 यूनिट निःशुल्क बिजली प्रदान की थी, इसके लिए हम सरकार का धन्यवाद करते हैं। साथ ही हम सरकार से अनुरोध करते है कि इस वर्ष भी रामलीलाओं को निःशुल्क बिजली प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि अन्य विभागों की तरह DDA भी 45 दिनों के लिए रामलीला कमेटियों को अपने ग्राउंड निःशुल्क उपलब्ध कराए।
महासंघ के महामंत्री सुभाष गोयल ने कहा कि दिल्ली में जिन मैदानों में रामलीला मंचन किया जाता है, उन सभी मैदानों का नाम उत्सव स्थल (रामलीला) नामकरण किया जाए। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा का रामलीला कमेटियों की ओर से अभिनन्दन किया गया और उन्हें शक्ति की प्रतीक हनुमान जी गदा, शाल, आदि प्रदान की गयी। सभी सांसदों का भी महासंघ पदाधिकारियों ने रामनामी पट्टका, गदा भेंट कर सम्मान किया। इस अवसर पर सांसद कमलजीत सहरावत, रामवीर सिंह बिधूड़ी,प्रवीण खंडेलवाल, रामलीला महासंघ के अध्यक्ष अर्जुन कुमार एवं महामंत्री सुभाष गोयल सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें : BLA – 2 प्रशिक्षण शिविर में यमुना सफाई को लेकर कांग्रेस ने BJP पर साधा निशाना, कहा – ‘प्रचार की राजनीति…’


Download Android App
Download iOS App




