Delhi : दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने गुरुवार को नरेला स्थित सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए कई अहम निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल की आधारभूत संरचना, मरीजों को मिल रही सुविधाओं और विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रत्येक मरीज को समयबद्ध, सम्मानजनक और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने आपातकालीन विभाग, महिला एवं शिशु वार्ड, माइनर ऑपरेशन थिएटर, प्लास्टर वार्ड और हड्डी रोग विभाग का दौरा किया। उन्होंने डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता, बेड क्षमता, मरीजों की संख्या तथा अस्पताल की जरूरतों का आकलन किया। बढ़ती स्वास्थ्य आवश्यकताओं को देखते हुए बेड क्षमता बढ़ाने और प्रसूति वार्ड में सेवाओं का विस्तार करने के निर्देश दिए गए।
मंत्री ने दिया इमरजेंसी ऑपरेशन थिएटर को जल्द शुरू करने के निर्देश
यूईआर-2 के निकट स्थित अस्पताल में बढ़ते ट्रॉमा मामलों को ध्यान में रखते हुए मंत्री ने आपातकालीन सेवाओं को और मजबूत करने तथा इमरजेंसी ऑपरेशन थिएटर को जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही मरीजों की आसान आवाजाही के लिए आपातकालीन रैंप की संरचना में आवश्यक बदलाव करने को कहा। आधुनिक जांच सुविधाओं की कमी पर चिंता जताते हुए डॉ. सिंह ने अधिकारियों को सीटी स्कैन, एमआरआई और अल्ट्रासाउंड मशीनों की स्थापना की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि इन सुविधाओं के शुरू होने से मरीजों को बेहतर और समय पर जांच उपलब्ध होगी। अस्पताल में डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की कमी को भी प्राथमिकता के आधार पर दूर करने का आश्वासन दिया गया।
“सरकार का उद्देश्य केवल कमियों की पहचान करना नहीं…”
समग्र स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने के लिए अस्पताल में आयुष स्ट्रेस क्लिनिक और पंचकर्म केंद्र स्थापित करने की घोषणा भी की गई। वहीं, अस्पताल परिसर और शौचालयों में सफाई व्यवस्था की कमियां मिलने पर संबंधित एजेंसियों की जवाबदेही तय करने और आवश्यक सुधार तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के बाद स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल कमियों की पहचान करना नहीं, बल्कि उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार सभी सरकारी अस्पतालों को आधुनिक स्वास्थ्य संस्थानों के रूप में विकसित करने, बेहतर आधारभूत ढांचा, पर्याप्त मानव संसाधन और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।


Download Android App
Download iOS App




