Delhi LG Plan for Traffic Jam: दिल्ली में लगातार बढ़ते ट्रैफिक जाम, अव्यवस्थित यातायात और सड़क हादसों को लेकर रविवार को दिल्ली के उपराज्यपाल (एलजी) तरणजीत सिंह संधू ने सख्त संदेश दिया। सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी पोस्ट में उन्होंने साफ कहा कि राजधानी को जाम मुक्त और सुरक्षित बनाने के लिए अब केवल प्रशासन ही नहीं, बल्कि आम नागरिकों को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। दिल्ली की सड़कों पर सुबह से देर रात तक लगने वाले जाम से लोग परेशान हैं। कई प्रमुख मार्गों पर घंटों वाहन रेंगते नजर आते हैं, जिससे लोगों का समय बर्बाद होने के साथ प्रदूषण भी लगातार बढ़ रहा है। इसी मुद्दे पर एलजी ने दिल्लीवासियों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने और दिल्ली ट्रैफिक पुलिस का सहयोग करने की अपील की।
नियमों का पालन और सुरक्षा के प्रति सतर्कता
एलजी ने कहा कि रेड लाइट जंप करना, गलत दिशा में वाहन चलाना और जान जोखिम में डालकर सड़क पार करना केवल नियम तोड़ना नहीं, बल्कि दूसरों की जिंदगी को खतरे में डालना है। उन्होंने कहा कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही बड़े हादसे की वजह बन सकती है। उन्होंने वाहन चालकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, साथ ही सड़कों पर अवैध और बेतरतीब पार्किंग से बचने की अपील की। एलजी ने कहा कि ट्रैफिक नियमों का पालन करने से न केवल सड़क हादसे कम होंगे, बल्कि दिल्ली में जाम और वायु प्रदूषण की समस्या पर भी काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकेगा।
ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई
उपराज्यपाल ने बताया कि उन्होंने दिल्ली ट्रैफिक पुलिस को राजधानी में नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। आने वाले दिनों में ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। खासतौर पर गलत दिशा में वाहन चलाने, रेड लाइट तोड़ने और अवैध पार्किंग करने वालों पर निगरानी बढ़ाई जाएगी। एलजी ने लोगों से ‘ट्रैफिक प्रहरी’ ऐप का इस्तेमाल करने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि नागरिक इस ऐप के जरिए ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन की जानकारी सीधे पुलिस तक पहुंचा सकते हैं। शिकायत करने वाले जागरूक नागरिकों को प्रोत्साहन और पुरस्कार देने की व्यवस्था भी की गई है। एलजी ने अपने संदेश में कहा कि यदि दिल्ली के लोग यातायात नियमों का पालन करने का सामूहिक संकल्प लें, तो राजधानी को जाम मुक्त, सुरक्षित और सुव्यवस्थित शहर बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि बेहतर दिल्ली के निर्माण में जनता और प्रशासन, दोनों की साझी भागीदारी जरूरी है।


Download Android App
Download iOS App




