Delhi Mayor Action: दिल्ली की बदहाल सफाई व्यवस्था को लेकर अक्सर सवाल उठते रहे हैं, लेकिन सोमवार को बादली क्षेत्र में ऐसा नज़ारा देखने को मिला जिसने निगम अधिकारियों और कर्मचारियों दोनों को सतर्क कर दिया। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने सिविल लाइंस ज़ोन के अंतर्गत बादली क्षेत्र का निरीक्षण किया तो जगह-जगह फैली गंदगी, सड़कों पर पड़ा मलबा और खराब सफाई व्यवस्था देखकर उनका गुस्सा फूट पड़ा। हालात देखकर महापौर मौके पर ही एक्शन मोड में नजर आए और अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। निरीक्षण के दौरान महापौर ने सिर्फ निर्देश देकर जिम्मेदारी पूरी नहीं की, बल्कि खुद मौके पर खड़े होकर निगम कर्मचारियों से मलबा उठवाना शुरू कराया। इतना ही नहीं, उन्होंने स्वयं भी हाथों से कूड़ा उठाकर अधिकारियों और कर्मचारियों को साफ संदेश दिया कि सफाई व्यवस्था केवल कागजी दावों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। महापौर की इस सक्रिय कार्यशैली को देखकर स्थानीय लोगों में भी उत्साह और संतोष दिखाई दिया।
सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं
महापौर प्रवेश वाही ने अधिकारियों से दो टूक कहा कि सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि जनता को परेशान करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मौके पर मौजूद वरिष्ठ अधिकारियों को नियमित सफाई, समय पर कूड़ा उठाने और मलबा हटाने की व्यवस्था प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान महापौर ने दुकानदारों और व्यापारियों से भी बातचीत की।
व्यापारी अपनी दुकानों के बाहर अनिवार्य रूप से कूड़ेदान रखें
उन्होंने अपील की कि सभी व्यापारी अपनी दुकानों के बाहर अनिवार्य रूप से कूड़ेदान रखें और सफाई व्यवस्था में निगम का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि दिल्ली को स्वच्छ बनाने की जिम्मेदारी केवल नगर निगम की नहीं, बल्कि हर नागरिक की भी है। महापौर ने कहा कि निगम लगातार जमीनी स्तर पर सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए अभियान चला रहा है और वे स्वयं अलग-अलग क्षेत्रों का निरीक्षण कर हालात की समीक्षा कर रहे हैं। जहां भी सफाई या नागरिक सुविधाओं में कमी मिलेगी, वहां तत्काल कार्रवाई होगी। इस दौरान क्षेत्रीय विधायक दीपक चौधरी, निगम पार्षद गायत्री यादव, क्षेत्रीय उपायुक्त शशि प्रताप सिंह समेत निगम के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


Download Android App
Download iOS App




